ईरान-इजराइल जंग का दवा पर असर,पैरासिटामॉल समेत कई साल्ट हो गए महंगे

ईरान-इजराइल जंग का दवा पर असर,पैरासिटामॉल समेत कई साल्ट हो गए महंगे

14 Mar 2026 |  17

 



मेरठ।ईरान और इजराइल के युद्ध से पैरासिटामॉल समेत कई दवाओं के साल्ट मंहगे हो गए हैं।दवा में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल (एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रेडिएंट-एपीआई) के दाम बढ़ गए हैं।मेरठ में पैरासिटामॉल समेत कई दवाओं के साल्ट 20 से 40 फीसदी तक महंगे हो गए हैं।एपीआई के दाम में बढ़ोतरी से फार्मा उद्यमियों के ऑर्डर को डिस्ट्रीब्यूटर व एपीआई उत्पादकों ने रद्द कर नए दाम पर ऑर्डर देने को कहा है।



जिला ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के मुताबिक दवाओं के कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि ने स्थिति गंभीर बना दी है। एपीआई के दाम में बढ़ोतरी से सस्ती दवा बनाना मुश्किल हो गया है। दवा कंपनियां सरकार की तय कीमतों के तहत ही जरूरी दवाओं का उत्पादन करती हैं,लेकिन कच्चे माल के दाम बढ़ने के बावजूद दवाओं की कीमत बढ़ाना संभव नहीं है। ऐसे में उद्योगों को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।



एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल रज्जन बताते हैं कि एपीआई के दाम अचानक बढ़ा दिए गए हैं। अगर इसी तरह कीमतों में वृद्धि जारी रही तो दवा उत्पादन प्रभावित होना तय है।रजनीश कौशल ने बताया कि 40 फीसदी तक दवाओं के दाम बढ़ गए हैं। रजनीश ने चेताया कि आने वाले समय में जीवन रक्षक दवाओं की वैश्विक बाजार में कमी भी हो सकती है।



दवा कारोबारी आयुष ने बताया कि गले के इन्फेक्शन में काम आने वाले एजिथ्रोमाइसिन की तीन गोली 80 रुपये की थीं जो अब 98 रुपये की हो गई हैं।इसी तरह ग्लिसरीन की 100 ग्राम की शीशी के दाम 160 रुपये हो गए हैं। 10 गोली का पैरासिटामॉल का पत्ता आठ से बढ़कर 14 रुपये हो गया है।



आयुष ने बताया कि मोंटेलूकास्ट सोडियम की 10 गोली का पत्ता 180 रुपये का था,जो अब 240 का हो गया है। दर्द निवारक डायक्लोफेनक सोडियम की 10 गोली 20 रुपये की थीं, जो अब 35 रुपये की हो गई है। ऐसे ही एंटीबायोटिक सिप्रोफ्लोक्सेसिन का 10 गोली का पत्ता 48 के बजाय 60 रुपये में मिलेगा। एंटीबायोटिक एमिकासिन का 10 गोली का पत्ता 113 से बढ़कर 140 रुपये का हो गया है। 



एपीआई के     पुराने और          नए दाम



दवा              पुराना दाम         नया दाम

अस्किलोफिनेक    935              975

पैरासिटामॉल        255              310

क्लोरोग्जोन           710             880

 एमडीसी             45                60

 मिथाइलकोबालामिन 1.15 लाख  1.35   लाख  

पोटेशियम क्लैवुलनेट  15000      17500

 प्लेन पॉली           360                390

बेस पॉली             410                 450

 पॉली बैग              114               170

 पीवीसी                 112              150


ट्रेंडिंग