कांग्रेस के कारण ही बनानी पड़ी बसपा,कांशीराम के नाम पर आयोजन को लेकर बरसीं मायावती,कहा-जब ये केंद्र में थे इन्होंने क्या किया

कांग्रेस के कारण ही बनानी पड़ी बसपा,कांशीराम के नाम पर आयोजन को लेकर बरसीं मायावती,कहा-जब ये केंद्र में थे इन्होंने क्या किया

14 Mar 2026 |  8

 



लखनऊ।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।मायावती ने कांग्रेस को दलितों के अपमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि जिस पार्टी ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं किया,वह आज कांशीराम जी के नाम पर राजनीति करने का ढोंग कर रही है।मायावती ने कहा कि कांग्रेस के कारण ही कांशीराम को बसपा बनानी पड़ी थी। अपने समर्थकों को आगाह किया कि वे कांग्रेस के इन हथकंडों' से सावधान रहें।



कांग्रेस और सपा पर लगाया उपेक्षा का आरोप



बसपा मुखिया मायावती ने कहा कि जैसा कि सर्वविदित है कि कांग्रेस पार्टी ने काफी वर्षों तक केन्द्र की सत्ता में रहकर दलितों के मसीहा व भारतीय संविधान के मूल निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया।जो पार्टी बाबा साहेब का आदर नहीं कर सकी,वह आज मान्यवर श्री कांशीराम जी को सम्मान देने की बात कैसे कर सकती है।



एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया



बसपा मुखिया मायावती ने उस दौर को याद दिलाया जब कांशीराम जी का निधन हुआ था।मायावती ने आरोप लगाया कि उस समय केंद्र में बैठी कांग्रेस सरकार ने एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया था।इतना ही नहीं मायावती ने समाजवादी पार्टी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार ने भी राजकीय शोक घोषित करने की जहमत नहीं उठाई थी। इसी प्रकार दूसरी पार्टियों के हाथों में खेल कर दलित समाज के बने अनेकों संगठन व पार्टियां आदि भी इनके नाम को भुनाने की कोशिश में हमेशा लगी रहती हैं। 



दलित संगठनों और अन्य पार्टियों को दी चेतावनी



बसपा मुखिया मायावती ने न केवल कांग्रेस,बल्कि उन छोटे दलित संगठनों और पार्टियों पर भी निशाना साधा जो कांशीराम जी के नाम का इस्तेमाल अपनी राजनीति चमकाने के लिए करते हैं। मायावती ने कहा कि अब ये सभी पार्टियां आएदिन किस्म-किस्म के हथकंडे इस्तेमाल करके मान्यवर श्री कांशीराम जी द्वारा बनाई गई पार्टी बीएसपी को कमजोर करने में लगी हैं। अतः इनके अनुयायी व समर्थक हमेशा इनसे सचेत रहें। खासकर कांग्रेस पार्टी से जरूर सजग रहें,जिसकी दलित-विरोधी सोच व मानसिकता होने की वजह से ही बीएसपी बनानी पड़ी है। 



15 मार्च को देशव्यापी कार्यक्रमों की अपील



बसपा मुखिया मायावती ने अपनी एक्स पोस्ट के अंत में सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं से भावुक अपील की। मायावती ने कहा कि कल यानी 15 मार्च 2026 को मान्यवर श्री कांशीराम जी की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में आयोजित होने वाले पार्टी के कार्यक्रमों को भव्य और कामयाब बनाएं। मायावती ने जोर देकर कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कांशीराम जी के सिद्धांतों पर अडिग है और दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों के हक की लड़ाई लड़ रही है।


ट्रेंडिंग