चतरा में रसोई गैस की होम डिलीवरी बंद,उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी

चतरा में रसोई गैस की होम डिलीवरी बंद,उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी

18 Mar 2026 |  3

चतरा में रसोई गैस की होम डिलीवरी बंद,उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी



बुकिंग कराने के एक सप्ताह बाद भी नहीं मिल रहे रसोई गैस के सिलेंडर



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा।शहर में रसोई गैस की किल्लत की समस्या और गहराती जा रही है।उपभोक्ता रसोई गैस के लिए परेशान है। कल तक जो गैस एजेंसियां घर पर जाकर रसोई गैस का वितरण करती थी अब उन्होंने भी वितरण करने से पल्ला झाड़ लिया है। 



गैस एजेंसी वालों का भाव अब सातवें आसमान पर पहुंच गया है।उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसी कार्यालय के सामने घंटों लाइन में लगना पड़ता है फिर भी उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है।सबसे अधिक परेशानी इंडियन गैस के उपभोक्ताओं को हो रही है।शहर के बंशीधर इंडियन गैस एजेंसी का एक ट्रक आया,जिसका वितरण पुलिस लाइन के सामने मैदान में किया गया,लेकिन यहां आए हुए उपभोक्ताओं में सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया।अधिकांश बिना सिलेंडर लिए ही लौट गए। 



गैस लेने के लिए सुबह 6 बजे से उपभोक्ता अपना खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े रहे। 9:30 बजे के बाद गैस सिलेंडर से लदा ट्रक पहुंचा और देखते ही देखते सिलेंडर खत्म हो गए। इससे उन उपभोक्ताओं को अच्छी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा जो लोग सुबह से घंटों धूप में अपने-अपने गैस सिलेंडर को लेकर लाइन में खड़े थे। 



 इस मामले में गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस डिपो से ही एजेंसी को गैस नहीं दिया जा रहा है,जिसके कारण चतरा शहर में रसोई गैस की किल्लत हो गई है।इधर उपभोक्ताओं की माने तो रसोई गैस के अभाव में खाना बनाने में अच्छी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वैकल्पिक उपायों की व्यवस्था में लग गए हैं। 



शहर में इन दिनों इंडक्शन की बिक्री में वृद्धि देखने को मिल रही है। हालत यह है कि लोग पारंपरिक ईंधन के स्रोतों लकड़ी और कोयला की जुगत में लग गए हैं। बीते दिनों उपभोक्ताओं ने शहर के पेट्रोल पंप के समीप स्थित इंडियन गैस एजेंसी कार्यालय के बाहर खाली सिलेंडर के साथ सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया,इसके बावजूद भी उपभोक्ताओं को गैस के कमी की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल उपभोक्ताओं के गैस की कमी की समस्या का समाधान होता नजर नहीं आ रहा है। 



सूत्रों की माने तो रसोई गैस की किल्लत के बीच शहर में रसोई गैस की कालाबजारी भी शुरू हो गई है। शहर में पिछले 17 दिनों से गैस की होम डिलीवरी पूरी तरह से ठप है। गैस की कालाबाजारी करने वाले लोग महंगे दामों पर गैस बेच रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि जिन्होंने एक सप्ताह पहले गैस की बुकिंग कराई है उन्हें भी गैस नहीं मिल पा रहा है।


ट्रेंडिंग