पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चौपारण/हजारीबाग।प्रखंड क्षेत्र के बसरिया पंचायत सचिवालय में आगामी रामनवमी को लेकर मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में रामनवमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण मनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।बैठक में मुख्य रूप से चौपारण अंचलाधिकारी संजय यादव और थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी उपस्थित रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता बसरिया पंचायत की मुखिया मंजू देवी ने की।बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों,गणमान्य लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
रामनवमी को लेकर अंचलाधिकारी संजय यादव ने
आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने कहा कि रामनवमी का जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान अनुशासन बनाए रखें और आपसी सौहार्द को कायम रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग करने और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया।