रांची में स्मार्ट झटका,स्मार्ट मीटर में निगेटिव हो गया 38 हजार उपभोक्ताओं बिल,मचा हड़कंप

रांची में स्मार्ट झटका,स्मार्ट मीटर में निगेटिव हो गया 38 हजार उपभोक्ताओं बिल,मचा हड़कंप

22 Mar 2026 |  18

 



रांची।राजधानी रांची के उपभोक्ताओं को सवा साल बीतने के बाद अचानक बकाया बिजली बिल का झटका लग गया है। उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर में बैलेस हजारों रुपये से निगेटिव हो गया।ऐसे कई उपभोक्ता हैं,जो 200 से कम यूनिट का बिजली बिल खपत किए,लेकिन उनके निबंधित व्हाट्सऐप मोबाइल नंबर पर बिल आना शुरू हुआ।



उपभोक्ताओं ने की शिकायत 



उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग ऑफिस में शिकायत की। जांच हुई तो पता चला कि सितंबर 2024 से पोस्ट पेड से प्रीपेड करते समय उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगना शुरू हुआ था।इस अवधि में पोस्ट पेड का पूर्व का बकाया रह गया था।बिना बकाया भुगतान कराए ही सभी उपभोक्ताओं को प्रीपेड में तब्दील कर दिया गया,जिसका बिल आने से उपभोक्ताओं में बिजली कटने को लेकर हड़कंप मच गया।



15 महीने पहले पोस्ट पेड से प्रीपेड होना शुरू हुआ



सवा साल पहले बिजली मीटर पोस्ट पेड से प्रीपेड होना शुरू हुआ।एक साथ बकाएदारों और उपभोक्ताओं का डाटा पंच करने पर तकनीकी समस्या आ गई,जिससे लगभग रांची के 38 हजार उपभोक्ताओं का पूर्व का बकाया अपलोड नहीं हुआ।जबकि 99 फीसदी उपभोक्ताओं का समाधान हो गया। बाद में जब दोबारा डाटा संशोधन करना शुरू हुआ तो हजारों उपभोक्ताओं को फिर से पोस्ट पेड बकाया की राशि का मैसेज मिलना शुरू हुआ,तब तक उपभोक्ताओं की बकाया राशि का एरियर जुड़कर हजारों रुपये हो गया।मजबूरन उपभोक्ताओं को विभागीय गलती का दंश झेलते हुए बकाया भुगतान करना पड़ रहा है,यदि वे स्मार्ट मीटर के बैलेंस को निगेटिव से पॉजिटिव नहीं करते हैं,तो स्वत: उनके घरों की बिजली कट जाएगी।



क्या बोले महाप्रबंधक



रांची के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने बताया कि जब स्मार्ट मीटर पोस्ट पेड से प्रीपेड हुआ,तब का बकाया बिल अभी भेजा गया है। पूर्व में लोगों ने पोस्ट पेड का बकाया चेक नहीं किया। उन्हें लगा कि मेरा कुछ भी बकाया नहीं है, जबकि रह गया था। लोग बैलेस पॉजिटिव करके रखें।



3.50 लाख से ज्यादा लग चुका है स्मार्ट मीटर



एरिया बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक जीनस एजेंसी के माध्यम से साढ़े तीन लाख से ज्यादा स्मार्ट मीटर लग चुके हैं।इस महीने के अंत तक रिंग रोड में सिंगल फेज और थ्री फेज में स्मार्ट मीटर लग जाएंगे। 12-13 हजार सिंगल फेज में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य टेक्नो एजेंसी पूरा करेगी। लक्ष्य है कि 15 हजार स्मार्ट मीटर इस माह में लगाकर पूरा कर देना है। साथ ही पूरी रांची स्मार्ट मीटर धारी उपभोक्ता के रूप में तब्दील हो जाएगी। अप्रैल से 200 रुपये से कम से कम बैलेस रखने वालों की लाइन स्वत: बंद होनी शुरू हो जाएगी। इसलिए ऐसे उपभोक्ताओं को 1000-1500 रुपये बैलेस में रखना होगा। रांची विद्युत एरिया बोर्ड में गुमला,लोहरदगा,सिमडेगा,खूंटी और रांची जिला को मिलाकर लगभग 11.50 लाख बिजली उपभोक्ता हैं।इसमें लगभग चार लाख 60 हजार से ज्यादा के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।


ट्रेंडिंग