पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चौपारण/हजारीबाग।प्रखंड के ग्राम पंचायत चयकलां स्थित हजरत दूलाह शाह बाबा के दरबार में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय उर्स मेला इस वर्ष 3 अप्रैल से प्रारंभ होकर 5 अप्रैल तक चलेगा। उर्स को लेकर क्षेत्र में अकीदतमंदों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और उर्स कमिटी द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने उर्स कमिटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर विधि-व्यवस्था,सुरक्षा,भीड़ नियंत्रण,पार्किंग,साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं सुनियोजित तरीके से संचालित होंगी।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी सरोज सिंह ने समिति सदस्यों और वॉलिंटियरों के बीच टी-शर्ट का वितरण किया,ताकि ड्यूटी पर तैनात वॉलिंटियरों की पहचान आसानी से हो सके और वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें। साथ ही सभी वॉलिंटियरों की सूची लेकर उन्हें अलग-अलग दायित्व सौंपने और व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी सरोज सिंह ने चय दरगाह परिसर पहुंचकर उर्स स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने आयोजकों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने को कहा।उर्स मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।वहीं आयोजन समिति भी मेले को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
इस अवसर पर मुखिया हेलाल अख्तर, फैजान अजमेरी, सफालउद्दीन सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।