पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
देवघर।आगामी मानसून के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसीडीह में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर विश्वनाथ चौधरी की अध्यक्षता में भीबीडी कर्मियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
15 मई से शुरू होगा कीटनाशी छिड़काव अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 मई से क्षेत्र में मलेरिया रोधी कीटनाशी छिड़काव अभियान की शुरुआत की जाएगी। डॉक्टर चौधरी ने अभियान की सफलता के लिए संबंधित प्रपत्रों और आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मलेरिया,डेंगू,चिकनगुनिया,फाइलेरिया और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसे रोगों की रोकथाम के लिए दवा, लार्वानाशी और फॉगिंग रसायनों की उपलब्धता में कोई कमी न रहे।
प्रवासी मजदूरों पर रहेगी विशेष नजर
ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण की रोकथाम के लिए सहियाओं को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।निर्देश दिया गया है कि बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों की निरंतर निगरानी की जाए। यदि कोई भी व्यक्ति बुखार से पीड़ित पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत जसीडीह स्वास्थ्य केंद्र के भीबीडी कंट्रोल रूम को दी जाएगी, ताकि समय रहते मरीज की जांच और इलाज सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में ये रहे मौजूद
रणनीतिक बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक शालिनी साहू,प्रखंड डाटा प्रबंधक मुदस्सर हाशिम,निगरानी कार्यकर्ता आसिफ हुसैन,एमपीडब्ल्यू इरशाद अंसारी,प्रणय कुमार मिश्र,रमाकांत मेहरा,मुकेश कुमार और धीरेंद्र कुमार दास सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।