पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
पाकुड़।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले में अवैध खनन,परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध संचालित अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि मई से जून माह के दौरान अवैध खनन से जुड़े 9 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को 2650.42 करोड़ रुपये के राजस्व संग्रह का लक्ष्य प्राप्त हुआ है,जिसके विरुद्ध अब तक 485.05 करोड़ रुपये की वसूली कर 18.30 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को मेजर एवं माइनरल्स से संबंधित नियमों का गहन अध्ययन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पाकुड़ एक अंतर्राज्यीय सीमा से जुड़ा जिला है,इसलिए वाहनों एवं चालानों की नियमित एवं सघन जांच अत्यंत आवश्यक है।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध खनन की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने, नियमित निगरानी रखने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों एवं नियमों का 15 अक्टूबर तक अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी रात्रिकालीन औचक निरीक्षण को नियमित रूप से संचालित करें तथा अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाएं।एसपी ने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता,समन्वय एवं सक्रियता के साथ अभियान जारी रखने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह,उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी,जिला परिवहन पदाधिकारी,जिला खनन पदाधिकारी,माइनिंग इंस्पेक्टर, अंचलाधिकारी,थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।