महागामा में अलर्ट मोड पर पुलिस:ज्वेलर्स दुकानों का सुरक्षा ऑडिट,एसडीपीओ वरुण रजक ने दिए सख्त निर्देश

महागामा में अलर्ट मोड पर पुलिस:ज्वेलर्स दुकानों का सुरक्षा ऑडिट,एसडीपीओ वरुण रजक ने दिए सख्त निर्देश

12 Jul 2026 |  4

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गोड्डा।गोड्डा जिला के महागामा में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। इस दौरान महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में महागामा थाना इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो ने नगर क्षेत्र की विभिन्न ज्वेलर्स दुकानों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर सिस्टम,अलार्म सिस्टम,मजबूत तिजोरी,प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि कैमरे पूरी तरह कार्यरत हों और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जा रही हो।



एसडीपीओ वरुण रजक ने ज्वेलर्स व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीपीओ ने कहा कि दुकान में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत महागामा थाना को दें। पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।



इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो ने दुकानदारों को सलाह दी कि दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतें, अधिक नकदी रखने से बचें तथा सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार संवेदनशील प्रतिष्ठानों की निगरानी कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।



निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों से उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी सुझाव भी लिए व्यवसायियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित निरीक्षण से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और व्यापारियों का मनोबल बढ़ेगा महागामा पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधियों पर कड़ी नजर रखने तथा आम लोगों और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का विशेष निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


ट्रेंडिंग