गढ़वा में 80वां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण,उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने विभिन्न स्थलों पर फहराया राष्ट्र ध्वज

गढ़वा में 80वां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण,उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने विभिन्न स्थलों पर फहराया राष्ट्र ध्वज

17 Aug 2026 |  30

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गढ़वा। 80वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने मुख्य कार्यक्रम स्थल टाउन हॉल मैदान और समाहरणालय परिसर में राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति,एकता और गौरव का वातावरण देखने को मिला। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के उपरांत उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्र की एकता,अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 



मुख्य कार्यक्रम स्थल टाउन हॉल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में जिला और पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी,जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई।समारोह के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति,उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। 



इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग एवं बलिदान को नमन किया गया।साथ ही परेड,प्रभात फेरी सहित विभिन्न कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन,समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले जवानों और कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 



उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे अक्षुण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। राष्ट्र के विकास, सामाजिक सौहार्द, एकता एवं जनकल्याण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए। 



उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने सभी जिलेवासियों को 80वां स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले को विकास, सुशासन, शांति एवं समृद्धि की दिशा में आगे ले जाने में सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित जिला एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मियों और लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


ट्रेंडिंग