अयोध्या में 25 लाख से अधिक दीए जलाने की तैयारी,बनेगा विश्व रिकार्ड

अयोध्या में 25 लाख से अधिक दीए जलाने की तैयारी,बनेगा विश्व रिकार्ड

10 Oct 2024 |  20

 

अयोध्या।भव्य राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली दीपावली बेहद भव्य और दिव्य होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में विश्व में अपनी पहचान बना चुके अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम में इस बार भी नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।अयोध्या में छोटी दीपावली पर 55 घाटों पर 25 लाख से अधिक दीए जलेंगे।इसकी अगुआई खुद डाॅ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा गोयल कर रही हैं। उनके अतिरिक्त विश्वविद्यालय प्रशासन ने 30 हजार स्वयंसेवकों को लगाने की तैयारी की है।इनकी मदद से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अयोध्या का नाम दर्ज होगा।खास बात ये है कि 25 लाख दीए जलाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 28 लाख दीए बिछाये जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप भव्य राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद का पहला दीपोत्सव ऐतिहासिक बनाया जायेगा।आठवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कमर कस ली है।दीपोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।दीपोत्सव में सहभागिता के लिए पंजीकरण की तिथि विस्तारित कर दी है। अब 15 अक्टूबर तक सहभागिता हेतु पंजीकरण कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों के दीपोत्सव आईकार्ड को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। 20 अक्टूबर से स्वयंसेवकों को आईकार्ड का वितरण शुरू कर दिया जायेगा।

 

बता दें कि राम पैड़ी के 55 घाटों पर 25 लाख दीए जलाने के लक्ष्य को लेकर 28 लाख दीए बिछाये जायेंगे,जिसके लिए 30 हजार स्वयंसेवक तैनात किए जायेंगे।विवि परिसर सहित 14 महाविद्यालय, 37 इण्टर कालेज, 40 एनजीओ शामिल है। विश्वविद्यालय द्वारा मैपिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। 17 या 18 अक्टूबर से घाटों पर कर्मियों द्वारा मार्किंग का कार्य होगा।राम की पैड़ी के सभी घाटों पर 16 गुणे 16 ब्लॉक में 30 एमएल दीए में 30 एमएल सरसों का तेल पड़ेगा।सभी दीयों में कुल मिलाकर 90 हजार लीटर सरसों के तेल लगेगा,जिसके इंतजाम के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से पूरा किया जा रहा है। 26 अक्टूबर से घाटों पर दीए की खेप पहुंचनी शुरू हो जायेगी। 27 अक्टूबर से स्वयंसेवकों द्वारा घाटों पर दीए बिछाने के साथ 30 अक्टूबर को दीए जलेगा और अयोध्या विश्व रिकार्ड बनायेगी।

ट्रेंडिंग