झारखंड में बागियों के घर पहुंच रहे सीएम हिमंता,एक-एक को मनाने में जुटी भाजपा,मेनका की वापसी बड़ी कामयाबी

झारखंड में बागियों के घर पहुंच रहे सीएम हिमंता,एक-एक को मनाने में जुटी भाजपा,मेनका की वापसी बड़ी कामयाबी

27 Oct 2024 |  21

 

रांची‌।झारखंड में पार्टी के बागियों की बढ़ती संख्या ने जहां भारतीय जनता पार्टी की चिंता बढ़ा दी है वहीं नाराज और बागी नेताओं को मनाने की भी पुरजोर कोशिश हो रही है।विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा बागियों को मनाने में जुट गई है।शनिवार को भी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी से लेकर पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता असंतोष थामने में जुटे रहे।नाराज नेताओं को मनाने की कोशिश रांची और कांके से लेकर, मधुपुर, धनवार व गुमला तक होती रही।

 

बता दें कि पहले चरण में भाजपा के कई बागियों ने पर्चा दाखिल किया है।इन सभी को मनाने के लिए असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई वरिष्ठ नेता एक-एक बागी से मिल रहे हैं।उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए मनाया जा रहा है।भाजपा के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार राय को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाना इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने तत्काल प्रभाव से रवीन्द्र राय की नियुक्ति की अधिसूचना शनिवार को जारी की।

 

एक-एक बागी से मुलाकात

 

भाजपा के नेता सबसे पहले गुमला के मिसिर कुजूर के यहां पहुंचे थे।बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे मिसिर ने इस बार विधानसभा चुनाव में निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है।शुक्रवार रात मिसिर से भाजपा नेताओं की वार्ता सकारात्मक रही थी।शनिवार देर रात हिमंता बिस्व सरमा भी मिसिर के यहां पहुंचे। वहीं कांके से भी भाजपा अनुसूचित मोर्चा के कमलेश राम ने पर्चा दाखिल किया है। कमलेश राम के आवास पर शनिवार को सुबह हिमंता बिस्वा सरमा, सांसद दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेता पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे वार्ता हुई। कमलेश राम कार्यकर्ताओं की राय पर नामांकन पर विचार करेंगे।

 

संजय सेठ भी मनाने में जुटे

 

रांची से निर्दलीय नामांकन दाखिल करने वाले मुनचुन राय, संदीप वर्मा और उत्तम यादव को भी मनाने का टास्क रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को दिया गया है। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश स्तर के कई नेताओं ने पार्टी से नाराज चल रहे कई नेताओं को मनाने के लिए एक-एक कर संपर्क साधा है। वहीं जुगसलाई से एनडीए प्रत्याशी रामचंद्र सहिस के खिलाफ नामांकन दायर करने वाले अनुसूचित मोर्चा के नेता विमल बैठा को भी भाजपा एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में मनाने में जुटी है।

 

नहीं माने निरंजन राय

 

धनवार से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ समाजसेवी निरंजन राय ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। कभी मरांडी के करीबी रहे निरंजन को मनाने की कोशिश में शनिवार को सांसद निशिकांत दुबे तिसरी पहुंचे थे। करीब आधे घंटे की बातचीत में दुबे ने राय को मनाने की कोशिश की, लेकिन निरंजन चुनाव लड़ने के फैसले पर अटल हैं। उधर, घाटशिला सीट से बीते विस चुनाव में प्रत्याशी रहे लखन मार्डी को भाजपा के महामंत्री सह सांसद आदित्य साहू ने मुलाकात कर मना लिया है।

 

मेनका के इस्तीफे की वापसी बड़ी कामयाबी

 

भाजपा द्वारा बाघमारा की नेत्री किरण बाला को भी मना लिया है। किरण भी पार्टी से नाराज चल रही थीं। वहीं संथाल में रेणुका मुर्मू, नाला से सत्यानंद झा बाटुल जैसे नेताओं को भी भाजपा नेता मनाने में जुटे हैं। भाजपा के नाराज नेताओं को मनाने में बड़ी सफलता पोटका में मिली। जहां तीन बार की विधायक मेनका सरदार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन उन्हें मनाकर दोबारा पार्टी में वापस कराया गया। वहीं बरकट्ठा से उम्मीदवारी की दावेदार कुमकुम देवी को भी मनाया जा रहा था, लेकिन कुमकुम देवी दूसरी पार्टी का दामन थाम भाजपा के अमित यादव के खिलाफ मैदान में हैं।

 

रवींद्र राय बनाए गए झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

 

भाजपा ने पूर्व सांसद रवींद्र राय को झारखंड में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। जानकारी के मुताबिक, रवींद्र राय धनवार से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया। इसके बाद से वे नाराज थे। रवींद्र राय 2014 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तब भाजपा को सर्वाधिक 36 सीटें मिली थीं।

ट्रेंडिंग