पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,झरिया (धनबाद)।धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के ईस्ट भगतडीह गुलगुलिया बस्ती निवासी भूचकुन भुइंया का शव सिंह नगर के पास एक जलकुंभी भरे तालाब से बरामद किया गया है।
शनिवार सुबह स्थानीय निवासियों ने तालाब में एक शव तैरता देख पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक का शव पत्थर से बंधा हुआ था, जो स्पष्ट तौर पर यह दर्शाता है कि यह हत्या का मामला है और हत्यारों ने शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात को भूचकुन को उसके दो दोस्तों ने घर से बुलाया था। उसके बाद से ही वह लापता था। परिजनों ने सीधे तौर पर इन्हीं दोस्तों पर भूचकुन की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने एक दोस्त का नाम लैला बताया है, जिस पर उन्हें गहरा संदेह है।
पुलिस को घटनास्थल से मृतक की चप्पल और मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और दोनों संदिग्ध दोस्तों की तलाश में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक भूचकुन भुइंया का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह झरिया थाना क्षेत्र में दर्ज कई आपराधिक मामलों में आरोपी था। पुलिस सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध के दोषियों का जल्द से जल्द पता चल सके।