झारखंड स्थापना दिवस पर चतरा में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित होंगे कई कार्यक्रम
उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने तैयारियों की समीक्षा की,जन शिकायत कोषांग की भी हुई बैठक
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर चतरा जिले में 11 से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने बताया कि 11 नवंबर को सुबह 7 बजे समाहरणालय परिसर से कुल्लू मोड़ तक रन फॉर झारखंड कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को समुचित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में अधिक से अधिक आमजन एवं छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी प्रखंडों में भी स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
तैयारियों के क्रम में यह भी तय किया गया कि 12 नवंबर को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट मद हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 13 नवंबर को समाहरणालय से भेरी फॉर्म तक साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसी दिन पेंटिंग,रंगोली, क्विज प्रतियोगिता एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 14 नवंबर को वाल पेंटिंग कार्यक्रम के साथ 15 नवंबर को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बैठक के दौरान जन शिकायत कोषांग से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।