बरही प्रखंड परिसर में फैली गंदगी से परेशान कर्मचारी और लोग,दुर्गंध से बेहाल,सिंगल विंडो व एफसीआई गोदाम के सामने लगा कचरे का ढेर
बरही प्रखंड परिसर में फैली गंदगी से परेशान कर्मचारी और लोग,दुर्गंध से बेहाल,सिंगल विंडो व एफसीआई गोदाम के सामने लगा कचरे का ढेर
21 Nov 2025 | 12
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बरही।स्वच्छता अभियान के दावे बरही प्रखंड परिसर में बिखरी गंदगी के बीच फीके पड़ते नजर आ रहे हैं। परिसर के एक हिस्से में फोम की थालियों,प्लास्टिक कचरे,मछली के अवशेष और मृत जानवरों को बेरोक-टोक फेंक दिया गया है,जिससे चारों ओर दुर्गंध फैल रही है। इस स्थिति से न केवल सरकारी कर्मचारी बल्कि यहां आने वाले लोग भी बुरी तरह परेशान है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस स्थान पर कूड़ा फेंका जा रहा है,उसके ठीक सामने सिंगल विंडो कार्यालय और एफसीआई गोदाम है।रोजाना यहां सैकड़ों लोग आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचते हैं,लेकिन गंदगी के बीच चलना उनकी मजबूरी बन गई है।
एफसीआई गोदाम के संचालक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि आसपास के कुछ लोग रात के अंधेरे में फोम की प्लेटें,बचा हुआ खाना,मछली के अवशेष और मरे हुए जानवर यहां फेंक जाते हैं।उन्होंने कहा,गंदगी की बदबू इतनी फैल जाती है कि बैठना मुश्किल हो जाता है।कर्मचारियों और गोदाम कर्मियों ने बीडीओ से अनियमित कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने और तत्काल सफाई व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि परिसर को स्वच्छ हो और लोगों को राहत मिल सके।