पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने सपा छोड़कर थामा AIMIM का दामन,पाकुड़ में हुआ भव्य स्वागत

पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने सपा छोड़कर थामा AIMIM का दामन,पाकुड़ में हुआ भव्य स्वागत

29 Jan 2026 |  33

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता, पाकुड़।ऑल इंडिया मजलिस-ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्टी मुख्यालय दारुस्सलाम, हैदराबाद में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में पाकुड़ के पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर बुधवार को AIMIM का दामन थाम लिया।



सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अकिल अख्तर के AIMIM में शामिल होने से न केवल पाकुड़ बल्कि पूरे झारखंड प्रदेश में पार्टी को नई रूप से मजबूती मिलेगी। ओवैसी ने कहा कि आज के बाद झारखंड की राजनीति में अकिल अख्तर के नेतृत्व में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ओवैसी ने विश्वास जताया कि उनके पार्टी में शामिल होने से झारखंड में होने वाले नगर निगम चुनावों के साथ-साथ वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में AIMIM को बड़ी सफलता प्राप्त होगी।



 पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने अपने बेटे अफिफ अमसल, समाजवादी पार्टी के पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष रफीक अहमद और समाजवादी पार्टी के बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष अंसार अली के साथ झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकीर,पाकुड़ जिला अध्यक्ष मोहम्मद शमशाद आलम और पाकुड़ विधानसभा अध्यक्ष नासिरुद्दीन शेख नासिर के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।



इस मौके पर पार्टी के नामपल्ली के विधायक झारखंड प्रदेश प्रभारी माजिद हुसैन,एमएलसी रियाजुल हसन अफांदी की विशेष उपस्थिति रही।झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकीर ने अकिल अख्तर को पार्टी का पट्टा पहनाकर AIMIM में शामिल कराया। 



पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने कहा कि मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की लोकप्रियता और संघर्षशील नेतृत्व से प्रभावित होकर AIMIM में शामिल हुआ हूं। मैं उन्हें यह भरोसा दिलाता हूं कि झारखंड प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करूंगा।"



अकिल अख्तर के बेटे अफिफ अमसल ने कहा कि मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी झारखंड प्रदेश प्रभारी माजिद हुसैन और एमएलसी रियाजुल हसन अफांदी का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मेरे पिता को पार्टी में शामिल कराने में पाकुड़ जिला अध्यक्ष मोहम्मद शमशाद आलम और पाकुड़ विधानसभा अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य नासिरुद्दीन शेख नासिर की सबसे अहम भूमिका रही है, जो लंबे समय से इसके लिए प्रयासरत थे। 



हैदराबाद से रांची आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक अकिल अख्तर का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रेस क्लब रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। पाकुड़ पहुंचते ही पाकुड़ प्रखंड के इशाहकपुर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।



 इस अवसर पर अकिल अख्तर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।



कार्यक्रम में पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष सईबुर रहमान, जिला कोषाध्यक्ष याफोस अली, जिला मीडिया प्रभारी समसी आलम सहित पार्टी के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग