दुबई में फंसे 14 मजदूर,तीन महीने से नहीं मिला वेतन, वीडियो जारी कर सरकार से लगाई वापसी की गुहार

दुबई में फंसे 14 मजदूर,तीन महीने से नहीं मिला वेतन, वीडियो जारी कर सरकार से लगाई वापसी की गुहार

03 Feb 2026 |  19

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधिसगिरिडीह।गिरिडीह,हजारीबाग और बोकारो जिले के 14 प्रवासी मजदूर दुबई में फंसे हुए हैं।ये मजदूर बीते साल अक्टूबर में ईएमसी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन के काम के लिए गए थे,लेकिन पिछले तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है।कंपनी द्वारा अधिक काम कराने और वेतन न देने के कारण मजदूर भोजन,आवास और अन्य बुनियादी जरूरतों के लिए मोहताज हो गए हैं।कुछ ने बताया कि दो दिन से भूखे हैं और पासपोर्ट भी कंपनी के पास जमा है।



मजदूरों ने एक वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा साझा की है, जिसमें केंद्र सरकार,विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सुरक्षित वतन वापसी की अपील की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने भी इस मामले को मीडिया के साथ साझा करते हुए कूटनीतिक पहल की मांग की है।



मजदूरों में गिरिडीह के रोशन कुमार,अजय कुमार (चिचाकी, सरिया);राजेश महतो (तिरला, बगोदर); अजय कुमार (डुमरडेली, मंडरो),बोकारो से डालेश्वर महतो (कंजकीरो, पेंक नारायणपुर),हजारीबाग के जागेश्वर महतो, फलेंद्र महतो (खेदाडीह); बैजनाथ महतो (सिरैय); दिलीप महतो, गंगाधर महतो, त्रिलोकी महतो (पारजोरिया); दीपक कुमार (चकचुको बसरिया); रोहित महतो, सेवा महतो (गोरहर) शामिल हैं।



बता दें कि यह मामला झारखंड से विदेश जाने वाले मजदूरों के शोषण का एक और उदाहरण है।इससे पहले भी सऊदी अरब में विजय कुमार महतो की मौत का मामला लंबित है। राज्य सरकार ने दूतावास से संपर्क की तैयारी शुरू कर दी है। उम्मीद है कि जल्द कार्रवाई होगी।


ट्रेंडिंग