गिरिडीह में मैट्रिक-इंटर परीक्षा की तैयारी पूरी,उपायुक्त रामनिवास यादव ने गांवा प्रखंड के केंद्रों का किया निरीक्षण

गिरिडीह में मैट्रिक-इंटर परीक्षा की तैयारी पूरी,उपायुक्त रामनिवास यादव ने गांवा प्रखंड के केंद्रों का किया निरीक्षण

03 Feb 2026 |  16

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।जिले में 3 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उपायुक्त रामनिवास यादव ने सोमवार को गांवा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर बिजली,पर्याप्त रोशनी,शौचालय,पेयजल मूलभूत सुविधाओं की जांच की और सुनिश्चित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। 



उपायुक्त रामनिवास यादव ने सख्त निर्देश दिए कि सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार और परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से कार्यरत रहें तथा उनकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षाओं को पूरी तरह नकल मुक्त,निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए सतत निगरानी रखी जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 



उपायुक्त रामनिवास यादव ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था हो तथा परीक्षा दिवस पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी तैयारियों का पूर्व मूल्यांकन कर किसी भी संभावित चूक को दूर किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए कुल 40,827 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं,जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 27,137 परीक्षार्थी शामिल होंगे।मैट्रिक के लिए 95 परीक्षा केंद्र तथा इंटर के लिए 63 केंद्र स्थापित किए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की पूरी टीम मिलकर निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करेगी, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी बाधा के अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकें।


ट्रेंडिंग