बाराबंकी में सीएम योगी का बड़ा बयान,कयामत तक भी नहीं होगा बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण

बाराबंकी में सीएम योगी का बड़ा बयान,कयामत तक भी नहीं होगा बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण

10 Feb 2026 |  20

 



बाराबंकी।बाबरी का जिन्न एक बार फिर बोतल से बाहर आ गया है।कल से बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरु होने वाला है।इसके विरोध में हिंदू संगठनों ने लखनऊ से मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया है।इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर और बाबरी मस्जिद को लेकर बड़ा बयान दिया है।सीएम ने विपक्षी दलों और कट्टरपंथी विचारधारा रखने वालों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या में जिस स्थान पर राम मंदिर बना है,वहां अब किसी और ढांचे की कल्पना करना भी व्यर्थ है।



बता दें कि दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में दुल्हदेपुर स्थित बाबा हरिशंकर दास की कुटी के पास दोपहर करीब सवा दो बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर उतरा।यहां महंत बलरामदास ने सीएम का स्वागत किया।यहां पहुंचकर सीएम ने कथा मंडप का उद्घाटन किया और रामार्चा यज्ञ में आहुतियां अर्पित की।इसके बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।



सीएम योगी ने कहा-भाजपा सरकार रुकने वाली नहीं..



सीएम योगी ने कहा है कि भाजपा सरकार रुकने वाली नहीं है, ये सरकार जितना बोलती उतना करती है,उतना ही बोलती है जितना करती है,जो कयामत के दिन आने का सपना देख रहे है वह दिन आने वाला नहीं है।सीएम ने कहा कि बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण अब कभी नहीं होगा। सीएम ने साफ तौर पर कहा,कयामत के दिन तक भी बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा।हम अपनी विरासत को यूं ही मजबूत करेंगे। सीएम ने कहा कि याद करिए 500 साल बाद अयोध्या में गौरवपूर्ण क्षण आया।कितनी सरकारें आई कितनी गईं,कितने राजा महाराजा हुए मगर अयोध्या में राम मंदिर क्यों नहीं बनवाया। राम सबके है।



सीएम योगी ने कहा-जनता से किया गया वादा पूरा किया 



राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जनता से किया गया वादा पूरा किया गया है। सीएम ने कहा कि हम लोगों ने कहा था रामलला हम आएंगे,मंदिर वहीं बनाएंगे और मंदिर वहीं बन गया। सीएम ने दोहराया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अपने निर्धारित स्थान पर बन चुका है और यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक है।



अवसरवादी लोग स्वार्थ के लिए राम को भूल जाते हैं



सीएम योगी ने कहा कि जो लोग बाबरी ढांचे के पुनर्निर्माण के सपने देख रहे हैं,उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। सीएम ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण देश की सांस्कृतिक विरासत और सनातन आस्था का प्रतीक है।भगवान राम सबके हैं और इसमें कोई भेदभाव नहीं है,लेकिन कुछ अवसरवादी लोग अपने स्वार्थ के लिए राम को भूल जाते हैं।संकट में राम को याद करते हैं।



सीएम ने कहा-जो कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं वो सड़ गल जाएंगे 



सीएम योगी ने कहा कि जो कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं,वे सड़-गल जाएंगे,वह दिन कभी आने वाला नहीं है। 

भारत की विरासत,गौरवशाली परंपरा और सनातन धर्म का सम्मान करते हुए केसरिया ध्वज सदैव देश का मान बढ़ाता रहेगा।सीएम ने कहा कि हर भारत वासी का एक ध्येय एक भारत श्रेष्ठ भारत हो,हमारा देश वैभवशाली हो, विकसित हो।



कानून तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी



सीएम योगी ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए कहा,कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे,कानून तोड़कर जन्नत जाने का सपना देखने वालों का यह सपना कभी पूरा नहीं होगा,सरकार जो कहती है,वह करके दिखाती है और कानून तोड़ने वालों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि उनकी सात पीढ़ियां उसे याद रखेंगी,जो कानून तोड़ेगा,उसे जहन्नुम का रास्ता दिखाएंगे।



सीएम ने कहा-रामभक्तों पर गोली चलाने वालों रामकाज में बाधा डालने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची.....



सीएम योगी ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वालों और रामकाज में बाधा डालने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है।भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं,दोनों को अलग नहीं किया जा सकता,देश और सनातन पर अंदर और बाहर से प्रहार हो रहे हैं,जिनसे सजग और सचेत रहने की जरूरत है। सीएम ने कहा कि कुछ लोग साजिश कर रहे हैं,कुछ साजिश का शिकार हो रहे हैं और कुछ लोग साजिश के लिए बिककर काम कर रहे हैं। सीएम ने जनता से इन दुष्प्रवृत्तियों के खिलाफ तैयार रहने का आह्वान किया।



सीएम ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा..



2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि तब प्रदेश में दंगे,कर्फ्यू और असुरक्षा का माहौल रहता था। सीएम ने कहा कि उस समय न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी,न किसान,न नौजवान,मंदिर,विद्यालय और घर तक सुरक्षित नहीं थे। सीएम ने कहा कि पहले हर तीसरे-चौथे दिन किसी न किसी जिले में कर्फ्यू लगता था और लोगों में भय का वातावरण बना रहता था।अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और सुरक्षा का माहौल स्थापित हुआ है।


ट्रेंडिंग