उपयुक्त ने तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

उपयुक्त ने तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

10 Feb 2026 |  3

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर परिसर क्षेत्र में 19, 20 और 21 फरवरी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव के सफल,सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।



बैठक के दौरान महोत्सव को लेकर अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने सुरक्षा व्यवस्था,दर्शक दीर्घा (सीटिंग अरेजमेंट),स्थायी और मोबाइल शौचालय,साफ-सफाई,मंदिर से मेन रोड तक सड़क मरम्मती, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर बिंदुवार चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी-अपनी तैयारियां पूर्ण करें।



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने बताया कि राजकीय इटखोरी महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड के जाने-माने कलाकारों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।लोक नृत्य, लोक गीत,पारंपरिक एवं आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे और सांस्कृतिक संध्या में समा बांधेंगे। इसके साथ ही महोत्सव के दौरान आधुनिक तकनीक से सुसज्जित भव्य ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने आगे बताया कि 19 एवं 20 फरवरी को इटखोरी स्थित बक्सा डैम में आमजनों के लिए निःशुल्क विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके अतिरिक्त 19 एवं 20 फरवरी को लक्षणपुर भेड़ी फॉर्म डैम में पैरा-ग्लाइडिंग की व्यवस्था की गई है, वहीं 21 फरवरी को मां भद्रकाली मंदिर स्थित महाने नदी के तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने इन सभी कार्यक्रमों को लेकर आपसी समन्वय के साथ उच्चस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल,उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा,अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम,अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया माहेश्वरी प्रसाद,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद,जिला क्रीड़ा पदाधिकारी कैलाश राम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग