मधुपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,एचडीएफसी बैंक डकैती कांड का आरोपी गिरफ्तार

मधुपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,एचडीएफसी बैंक डकैती कांड का आरोपी गिरफ्तार

07 Mar 2026 |  5

मधुपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,एचडीएफसी बैंक डकैती कांड का आरोपी गिरफ्तार



दबोचा गया बिहार के वैशाली का विपिन राय,दहेज हत्या का फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,मधुपुर,देवघर।मधुपुर पुलिस को बहुचर्चित एचडीएफसी बैंक डकैती मामले में बड़ी सफलता मिली है।पुलिस ने इस कांड में संलिप्त बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर निवासी विपिन कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है।यह गिरफ्तारी पुलिस की तकनीकी सेल और गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।



सर्विलांस से मिला सुराग,जेल में साथी से मिलने पहुंचा था आरोपी



पुलिस सूत्रों के अनुसार बैंक डकैती कांड के बाद से ही पुलिस की विशेष टीम संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी बीच पुलिस को सर्विलांस के जरिए विपिन राय की लोकेशन मधुपुर में मिली।बताया जा रहा है कि आरोपी जेल में बंद अपने एक साथी से मुलाकात करने के लिए आया था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से डकैती कांड के अन्य सदस्यों और लूटी गई राशि के बारे में पूछताछ कर रही है।



दहेज हत्या का आरोपी भी गिरफ्तार



एक अन्य कार्रवाई में मधुपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुमेश कुमार पाठक (निवासी चरपा) को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे आवश्यक कागजी कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।


ट्रेंडिंग