रमजान के तीसरे जुम्मे पर मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भारी भीड़,पूरे अकीदत से अदा की नमाज,प्रशासन रहा अलर्ट
रमजान के तीसरे जुम्मे पर मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भारी भीड़,पूरे अकीदत से अदा की नमाज,प्रशासन रहा अलर्ट
07 Mar 2026 | 10
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।पवित्र माह रमजान के तीसरे जुम्मे के मौके पर गिरिडीह शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मस्जिदों में नमाजियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। भारी उत्साह और अकीदत के साथ जुमे की नमाज अदा की, जिससे मस्जिदें खचाखच भर गईं।कई जगहों पर नमाजियों को मस्जिद के अंदर जगह न मिलने पर बाहर सड़क और खुले मैदानों में भी नमाज पढ़नी पड़ी।शहर की प्रमुख मस्जिद लाईन मस्जिद (घौसुलवारा), जामा मस्जिद बड़ा चौक, भंडारीडीह,मोहनपुर,बिशनपुर,बरवाडीह,पचम्बा,तेलोडीह सहित अन्य मस्जिदों में दोपहर 11 बजे से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था। दोपहर 12 बजे तक अधिकांश मस्जिदें पूरी तरह भर चुकी थीं।
नमाज के दौरान इमामों ने रमजान की फजीलत,रोजे की अहमियत और अमन-चैन की दुआएं पढ़ीं,जिसे नमाजियों ने पूरे अदब के साथ सुना।रोजेदारों ने बताया कि रमजान का यह तीसरा जुम्मा होने के कारण श्रद्धा और उत्साह दोगुना था। बच्चे,युवा,बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तेज धूप के बावजूद नमाजियों की संख्या में कोई कमी नहीं आई। शहर से लेकर गांवों तक हर मस्जिद में यही नजारा देखने को मिला। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मुस्तैद रहे, ताकि नमाज सुकून से अदा हो सके और किसी तरह की कोई असुविधा न हो। ट्रैफिक व्यवस्था भी बनाए रखी गई, खासकर उन इलाकों में जहां मस्जिदों के बाहर नमाज पढ़ी गई।