पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिला प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त कीर्तिश्री जी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
इस दौरान भूमि विवाद,सड़क निर्माण,भारतमाला परियोजना, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों सहित अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों का निष्पक्ष,पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मौके पर उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए प्रशासन के प्रति जनविश्वास को और मजबूत करना है।
विदित हो कि जिला प्रशासन चतरा द्वारा प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक समाहरणालय में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। जिला प्रशासन ने आमजनों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।