निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रतीक थे लाल किशोर महतो

निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रतीक थे लाल किशोर महतो

08 Mar 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गोला।गोला क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार लाल किशोर महतो के आकस्मिक निधन से पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।लाल किशोर महतो की स्मृति में प्रेस क्लब गोला इकाई की ओर से गोला डाक बंगला परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार मनोज मिश्रा ने किया।शोकसभा में बड़ी संख्या में पत्रकारों,समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पत्रकार लाल किशोर महतो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित लोगों ने लाल किशोर महतो के आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।इस दौरान पूरा माहौल बेहद भावुक और गमगीन हो गया और सभी ने स्व. महतो के व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद किया।



शोकसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लाल किशोर महतो पत्रकारिता के क्षेत्र में एक सशक्त,निर्भीक और जनपक्षीय आवाज थे।उन्होंने हमेशा निष्पक्ष पत्रकारिता को प्राथमिकता दी और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभाव में आए बिना समाज और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वे स्वतंत्र सोच के पत्रकार थे और सच को सामने लाना ही उनका मूल उद्देश्य था।



वक्ताओं ने कहा कि स्व. महतो गोला क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे और आम लोगों की आवाज को समाचार पत्रों के माध्यम से समाज तक पहुंचाते थे।उनकी लेखनी में सच्चाई,साहस और सामाजिक सरोकार साफ दिखाई देता था।वे पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं बल्कि समाज सेवा का माध्यम मानते थे। यही कारण है कि आज भी उनकी याद आते ही लोगों की आंखें नम हो जाती हैं।



सभी ने लाल किशोर महतो को एक मिलनसार,सरल और मृदुभाषी व्यक्तित्व का धनी बताया।वे साथी पत्रकारों के साथ आत्मीयता से पेश आते थे और युवा पत्रकारों को हमेशा मार्गदर्शन देते रहते थे।उनके असमय निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है,जिसकी भरपाई कर पाना कठिन है।



शोकसभा में मौजूद लोगों ने कहा कि स्व. लाल किशोर महतो केवल एक पत्रकार नहीं बल्कि समाज के सच्चे प्रहरी थे। उन्होंने हमेशा जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाया और पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखा। आज उनके जाने से क्षेत्र में एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है।



इस अवसर पर लाल किशोर महतो के भाई देव कुमार भी उपस्थित थे। सभी ने उन्हें सांत्वना देते हुए इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।सभा के अंत में सभी ने स्व. लाल किशोर महतो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी। 



शोकसभा को संबोधित करने वालों में प्रदीप बर्मन,मनोज मिश्रा,कुंवर बक्सी,अशोक कुमार महतो,मोबिन अख्तर, सुजीत सिन्हा,राजकुमार,जितेंद्र कुमार,अंजनी कुमार,श्रीकांत महतो शामिल थे।



मौके पर उपस्थित लोगों में ओमप्रकाश गुप्ता,सुरेश रविदास, टेकलाल महतो,दानिश महथा,शिवशंकर तिवारी,बीनू कुमार महतो,संतोष महतो,लालटू चंद्र पोद्दार,अशोक चक्रपानी,बीरू कुमार,जयप्रकाश महतो,देवचरण महतो,असफाक अहमद, दिलीप करमाली,शिवप्रकाश,सद्दाम हुसैन,इरफान अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।


ट्रेंडिंग