चितरा कोलियरी:जेएलकेएम नेता अरुण महतो के नेतृत्व में मजदूरों ने ठप किया ट्रांसपोर्ट कार्य,प्रबंधन को दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम

चितरा कोलियरी:जेएलकेएम नेता अरुण महतो के नेतृत्व में मजदूरों ने ठप किया ट्रांसपोर्ट कार्य,प्रबंधन को दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम

08 Mar 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चितरा,सारठ।चितरा कोलियरी के 10 नंबर खदान में नए ट्रांसपोर्टर की कार्यशैली और मजदूरों की अनदेखी के खिलाफ शनिवार को यूनियन नेता सह  जेएलकेएम नेता अरुण महतो के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ।अड़खा लीडरों और कैजुअल मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर कोल डंप पर घंटों तक ट्रांसपोर्ट कार्य पूरी तरह बाधित रखा।



प्रमुख मुद्दे और अव्यवस्था का आरोप



मजदूरों का नेतृत्व कर रहे अरुण महतो ने कोलियरी के जीएम मदन मोहन कुमार और एजेंट यूपी चौधरी के साथ वार्ता के दौरान प्रबंधन के समक्ष गंभीर समस्याएं रखीं।



स्वास्थ्य से खिलवाड़: पूर्व के ट्रांसपोर्टर (शर्मा ट्रांसपोर्ट) का क्रेशर कोल डंप के बाहर एक सुरक्षित दूरी पर था, लेकिन वर्तमान ट्रांसपोर्टर का क्रेशर डंप के अंदर ही चल रहा है। इससे उड़ने वाली भारी धूल से हजारों मजदूर प्रतिदिन प्रभावित हो रहे हैं।



 अड़खा सफाई में लापरवाही:पूर्व में प्रतिदिन हाइवा और प्लेडर के माध्यम से अड़खा की सफाई की जाती थी, जिसे वर्तमान ट्रांसपोर्टर ने बंद कर दिया है। इसके चलते पूरा कोल डंप जाम हो गया है और रोड सेल के ट्रक नहीं लग पा रहे हैं, जिससे सैकड़ों मजदूरों को बिना काम के घर लौटना पड़ रहा है।



स्थानीय रोजगार में कटौती:आरोप लगाया गया कि शर्मा ट्रांसपोर्ट द्वारा लगभग 50 स्थानीय युवकों को रोजगार दिया गया था,लेकिन मां जगदम्बा माइनिंगका संचालन कर रहे एसपीएस ने इसे घटाकर मात्र 4-5 कर दिया है।



प्रबंधन के साथ वार्ता और समझौता



आंदोलन की उग्रता को देखते हुए कोलियरी प्रबंधन और ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों ने अरुण महतो के साथ विस्तृत वार्ता की। प्रबंधन ने स्वीकार किया कि मजदूरों की समस्याएं जायज हैं और एक सप्ताह के भीतर इन सभी विसंगतियों को दूर करने का लिखित आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ही मजदूरों ने आंदोलन समाप्त किया और ट्रांसपोर्ट का कार्य पुनः सुचारु हो सका।



जेएलकेएम नेता अरुण महतो की चेतावनी:मजदूरों का शोषण और उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि एक सप्ताह के अंदर इन समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो पुनः उग्र आंदोलन करते हुए ट्रांसपोर्ट कार्य अनिश्चितकालीन रूप से बंद कर दिया जाएगा।



मौके पर जेएलकेएम नेता अरूण महतो,नीताय महतो,संतोष महतो,ठपंग मरांडी,परिमल मुर्मू,दिनेश यादव,शिवशंकर यादव,चंद्रशेखर यादव,दीपक साह,माणिक महतो,विकास चौधरी,जनार्दन ठाकुर,माणिक ठाकुर,यूसुफ अंसारी,मोहन हेंब्रम,उमेश महतो,मनोज महतो सहित अन्य उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग