देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे की 726 किमी सर्विस रोड ग्रामीणों के लिए बनी जीवनरेखा,लोगों को मिलेगी रफ्तार

देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे की 726 किमी सर्विस रोड ग्रामीणों के लिए बनी जीवनरेखा,लोगों को मिलेगी रफ्तार

06 May 2026 |  33

 



हरदोई।देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में लोकार्पण किया है।मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेसवे के साथ विकसित की गई सर्विस रोड अब आसपास के गांवों के लिए राहत और सुविधा का बड़ा साधन बन रही है। 594 किलोमीटर गंगा एक्सप्रेसवे में 726 किलोमीटर सर्विस लेन बनी है।तेज रफ्तार गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड स्थानीय लोगों को सुरक्षित,आसान और सीधे आवागमन की सुविधा दे रही है, हालांकि कुछ स्थानों पर इसकी चौड़ाई को लेकर ग्रामीणों की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।



मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के किनारे लगभग 726 किलोमीटर सर्विस लेन का निर्माण किया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों में देखें तो मेरठ से बदायूं 164 किलोमीटर,बदायूं से हरदोई 184, हरदोई से उन्नाव 185 और उन्नाव से प्रयागराज तक 193 किलोमीटर सर्विस लेन बनाई गई है।सर्विस रोड की चौड़ाई और संरचना क्षेत्र के यातायात के अनुसार तय की गई है।जहां ज्यादा ट्रैफिक है वहां लगभग साढ़े आठ मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई गई है,जबकि कम ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में चौड़ाई कम रखी गई है।कई स्थानों पर यह 3.75 मीटर से लेकर सात मीटर तक है। 



ग्रामीणों के मुताबिक इस सर्विस रोड ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। पहले जहां छोटे-छोटे कामों के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था, अब गांव के पास ही सड़क होने से समय और ईंधन दोनों की बचत हो रही है।



शाहपुर पवार के जगदीश का कहना है कि अब उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता और गांव के पास सड़क बनने से सीधा लाभ मिला है।हालांकि कुछ ग्रामीणों ने इसकी चौड़ाई को लेकर चिंता जताई है।बंदीपुर निवासी सर्वेश पटेल के मुताबिक कई जगह सड़क इतनी संकरी है कि एक साथ दो ट्रैक्टर निकलना मुश्किल हो जाता है।



भगवंत नगर निवासी आकाश मिश्रा का कहना है कि फिलहाल दो गाड़ियां तो निकल जाती हैं,लेकिन बरसात में परेशानी बढ़ सकती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सर्विस रोड के साथ फेंसिंग और जल निकासी की व्यवस्था भी की गई है, जिससे पशु या पैदल लोग सीधे एक्सप्रेसवे पर न जा सकें।



बता दें कि गंगा में की यह सर्विस रोड ग्रामीणों के लिए सुविधा का नया माध्यम बनी है,जो आने वाले समय में और बेहतर किए जाने की उम्मीद के साथ क्षेत्र के विकास को गति दे रही है।


ट्रेंडिंग