टंडवा में हाइवा ने दो युवकों को कुचला,मौके पर ही हुई मौत,ब्लॉक मोड़ के आगे मजराही में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

टंडवा में हाइवा ने दो युवकों को कुचला,मौके पर ही हुई मौत,ब्लॉक मोड़ के आगे मजराही में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

07 May 2026 |  8

 



 पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



 चतरा।जिले के टंडवा में कोयला ढोने वाले हाइवा अब लोगों के लिए यमदूत साबित हो रहे हैं। बुधवार की सुबह लगभग 5:30 बजे टंडवा ब्लॉक के पास मजराही में एक अनियंत्रित कोल वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।



रफ्तार का कहर या प्रशासन की लापरवाही



​स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। आक्रोशित लोगों का स्पष्ट कहना है कि सड़कों पर मौत का यह खेल तेज रफ्तार और अनुभवहीन और लापरवाह चालकों की वजह से जारी है। टंडवा की पब्लिक सड़कों को कोयला कंपनियों ने डंपिंग यार्ड और निजी मार्ग समझ लिया है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। दुर्घटनाग्रस्त हुए युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। 



​इन कंपनियों पर उठे सवाल



लोगों ने सीधे तौर पर कोयला परिवहन में लगी कंपनियों पर निशाना साधा है।आक्रोशित लोगों का कहना है कि जेआरएल, पीआरएलसी,जेआरएल, पीएनएम,और नकाश जैसी परिवहन कंपनियों की मनमानी इन दिनों चरम पर है। ​सार्वजनिक सड़कों को पूरी तरह से कोल रूट में तब्दील कर दिया गया है। ​सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर घनी आबादी वाले इलाकों से भी वाहन सरपट दौड़ाई जा रही है।



बता दें कि रोज इन सड़कों पर जिंदगियां तबाह होती हैं।मौत का मंजर दिखाई पड़ना कोई नई बात नहीं है।सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक कोयले के इस कारोबार की कीमत मासूमों की जान देकर चुकानी होगी,क्या जिला प्रशासन इन बेलगाम कंपनियों और उनके लापरवाह ड्राइवरों पर नकेल कसने की हिम्मत जुटा पाएगा या सड़कों पर खूनी हाइवा का यह तांडवी सफर यूं ही जारी रहेगा।फिलहाल लोगों ने पब्लिक सड़क को मुआवजा,नौकरी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।


ट्रेंडिंग