संवाददाता
धनबाद।भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर के तत्वावधान में शहर में व्याप्त भीषण पानी और बिजली संकट के विरोध में मेमको मोड़ से उपायुक्त कार्यालय तक विशाल आक्रोश प्रदर्शन निकाला गया।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा धनबाद महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने किया। प्रदर्शन में झारखंड के पहले मुख्यमंत्री नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रदर्शन में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हाथों में घड़े और पार्टी ध्वज लेकर हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।पानी और बिजली संकट के समाधान की मांग भी उठाई।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन राज्य सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद सहित पूरे राज्य में बिजली कटौती और पेयजल संकट ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार के पास न विजन है और न ही समाधान।जनता टैक्स दे रही है,लेकिन बदले में केवल परेशानी मिल रही है।भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधारती है तो भाजपा पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन करेगी।
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि राज्य सरकार की विफल नीतियों के कारण जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती और जलसंकट ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि धनबाद जैसे औद्योगिक शहर में पानी और बिजली की समस्या अत्यंत गंभीर विषय है और सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जनता त्रस्त है और प्रशासन व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रहा है। वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में महिलाओं,बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है, इसलिए सरकार को अविलंब निर्बाध जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि यह प्रदर्शन जनता के आक्रोश और पीड़ा का प्रतीक है तथा यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो भाजपा बड़ा जनआंदोलन करेगी।
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में महानगर अध्यक्ष श्रवण राय,ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार,धर्मजीत सिंह,मानस प्रसून, रुपेश सिन्हा,विकास महतो,आशीष मुखर्जी,शेखर सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष विवाह सिंह,दीपा दास सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।
कार्यक्रम में तारा देवी,संजीव अग्रवाल,सत्येंद्र कुमार,रमेश राही,धरणीधर मंडल,ज्ञान रंजन सिन्हा,अजय निषाद,प्रियंका देवी,बीरेंद्र हांसदा,धनेश्वर महतो,मौसम सिंह,बच्चा गिरी,रीता प्रसाद यादव,रुमकी गुप्ता सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।