महागामा में विकास को नई रफ्तार,मेहरमा में 1.47 करोड़ की सड़क परियोजना की शुरुआत,भुसका पहाड़ पर पार्क निर्माण जल्द

महागामा में विकास को नई रफ्तार,मेहरमा में 1.47 करोड़ की सड़क परियोजना की शुरुआत,भुसका पहाड़ पर पार्क निर्माण जल्द

12 May 2026 |  23

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गोड्डा।महागामा विधानसभा क्षेत्र के मेहरमा प्रखंड में विकास कार्यों को नई गति देते हुए गोड्डा-पीरपैंती एनएच पथ बिरामचक से दियाजोरी बलबड्डा पथ (घोरीचक मोड़ भाया वीरनगर तक) के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास सोमवार को पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया। लगभग 1.47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराएगी।



शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।सड़क निर्माण के साथ-साथ भुसका पहाड़ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना भी अंतिम चरण में है।यहां पार्क निर्माण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।



मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि भगैया ककरघट में विकसित नेचर पार्क की सफलता के बाद अब भुसका पहाड़ को भी आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।



मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पंचायत में प्रस्तावित राइस मिल निर्माण की बाधाएं दूर हो चुकी हैं।आगामी छह से आठ महीनों में इसके शुरू होने की संभावना है। राइस मिल के चालू होने से स्थानीय किसानों को धान की बिक्री और प्रसंस्करण में सीधा लाभ मिलेगा।



मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली,पानी,सिंचाई,शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूलभूत क्षेत्रों में लगातार योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।महागामा के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।ग्रामीणों की मांग के अनुरूप छठ घाट,पोखर,पीसीसी सड़क,खेल मैदान समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसानों और ग्रामीणों के हित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।


ट्रेंडिंग