चौपारण में जीटी रोड से हटेगा अतिक्रमण,तीन दिन चलेगा प्रशासन का बुलडोजर

चौपारण में जीटी रोड से हटेगा अतिक्रमण,तीन दिन चलेगा प्रशासन का बुलडोजर

13 May 2026 |  9

चौपारण में जीटी रोड से हटेगा अतिक्रमण,तीन दिन चलेगा प्रशासन का बुलडोजर



जाम और हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी,सड़क किनारे की हटेंगी अवैध गुमटियां



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि 



चौपारण/हजारीबाग।जीटी रोड पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण, जाम और सड़क हादसों की आशंका को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अवैध कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान की तैयारी तेज कर दी गई है।प्रशासन ने साफ संकेत दिए है कि सड़क सीमा के भीतर किसी भी तरह का अवैध निर्माण या गुमटी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 



प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चौपारण में 14 मई से 16 मई तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।इस दौरान जीटी रोड किनारे लगी अवैध गुमटियों, अस्थायी दुकानों और सड़क पर फैलाए गए कब्जों को हटाया जाएगा।अभियान को लेकर इलाके में पहले से ही हलचल तेज हो गई है। 



एनएचआई अधिकारी सतीश सिंह ने बताया कि जीटी रोड पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। कई जगह सड़क संकरी हो जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।खासकर बाजार क्षेत्र और होटल-ढाबों के आसपास अवैध कब्जों के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। 



सतीश सिंह ने कहा कि सड़क को सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से सड़क सीमा के भीतर किए गए अतिक्रमण को हटा लें, अन्यथा अभियान के दौरान बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। 



प्रशासनिक कार्यक्रम के अनुसार बरही में 12 से 13 मई, चौपारण में 14 से 16 मई तथा बरकट्ठा में 18 से 21 मई तक विशेष फोर्स मौजूद रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह अभियान प्रभावी ढंग से चलाया गया तो जीटी रोड पर लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।


ट्रेंडिंग