फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026 सर्वे में चतरा के उपायुक्त रवि आनंद को मिली देशव्यापी पहचान
जामताड़ा में उत्कृष्ट कार्यों की बदौलत राष्ट्रीय सम्मान,अब चतरा में विकास और जनसेवा को दे रहे नई रफ्तार
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।जिले के लिए गर्व और सम्मान की बड़ी खबर सामने आई है।उपायुक्त रवि आनंद ने अपने प्रशासनिक कौशल और जनहित आधारित कार्यों से राष्ट्रीय स्तर पर चतरा का नाम रोशन किया है।प्रतिष्ठित फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026 सर्वे में उन्हें देश के उत्कृष्ट जिलाधिकारियों की सूची में स्थान मिला है।
यह उपलब्धि उपायुक्त रवि आनंद को मुख्य रूप से जामताड़ा जिले में उपायुक्त रहते हुए किए गए उल्लेखनीय प्रशासनिक कार्यों,विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन,जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और संवेदनशील नेतृत्व के कारण प्राप्त हुई है।जामताड़ा में उनके कार्यकाल के दौरान कई जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए गए प्रयासों की व्यापक सराहना हुई थी।
अब वर्तमान में चतरा जिले में भी उपायुक्त रवि आनंद के नेतृत्व में विकास और जनसेवा को नई गति मिल रही है। सड़क सुरक्षा,पेयजल व्यवस्था,स्वास्थ्य सेवाओं,शिक्षा,जन शिकायतों के निष्पादन और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। आम लोगों के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने की उनकी कार्यशैली लोगों के बीच विश्वास पैदा कर रही है।
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा किए गए इस राष्ट्रीय सर्वे में देशभर के जिलाधिकारियों का मूल्यांकन प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों की प्रगति,संकट प्रबंधन क्षमता,जनसरोकार, पारदर्शिता,नवाचार और जनप्रतिसाद जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया गया। इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिलना न केवल उपायुक्त रवि आनंद की प्रशासनिक क्षमता का प्रमाण माना जा रहा है, बल्कि यह पूरे चतरा जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गया है।
जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों,बुद्धिजीवियों और आम लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रवि आनंद जैसे ऊर्जावान और जनहितैषी अधिकारी के नेतृत्व में चतरा लगातार नई पहचान बना रहा है और अब राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम मजबूती से उभर रहा है।