पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
गिरिडीह।रेलवे विभाग के अधिकारियों ने रविवार को धनबाद से गिरिडीह पहुंचकर सलैया रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। सलैया संघर्ष मोर्चा के नेता राजेश सिन्हा,स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को सुना और उच्चाधिकारियों तक मामला पहुंचाने का आश्वासन दिया।
उपस्थित लोगों ने सलैया स्टेशन रोड की बदहाली,न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड की जर्जर स्थिति और यात्रियों की परेशानियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की।स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए हटिया-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस और गोड़्डा -दिल्ली एक्सप्रेस को सलैया स्टेशन पर रोकने की मांग की गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की दयनीय स्थिति और ट्रेन ठहराव न होने के कारण उन्हें न्यू गिरिडीह स्टेशन जाना पड़ता है,जिससे विद्यार्थी,व्यापारी और यात्री समय और धन का भारी नुकसान उठा रहे हैं। ठहराव मिलने पर रेलवे को टिकट आय के रूप में अतिरिक्त लाभ भी होगा।
रेलवे इंटेलिजेंस धनबाद के पदाधिकारियों ने सलैया रोड का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक एनओसी संबंधित कार्यालयों को भेज दी गई है और शीघ्र ही उच्च अधिकारियों को पूरा विषय भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
सलैया संघर्ष मोर्चा के नेता राजेश सिन्हा,गौतम सोनी,तुलसी राणा,करण कृपालु,कन्हैया खेतान,मिथिलेश पांडेय,दीपक पांडा आदि ने स्पष्ट किया कि सलैया स्टेशन रोड के निर्माण और ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से संगठित होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान भी किया। मौके पर छोटू राणा, सुधांशु भदानी सहित कई ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।