पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
सरिया।सरिया प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बागोडीह निवासी अनुराग यादव की बीती देर रात हाथी भगाने के दौरान हुई दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि हाथी को भगाने के प्रयास के दौरान वह कुएं में गिर गया,जिससे डूबने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इस दुःखद घटना पर नागेंद्र महतो अंतिम क्रिया में शामिल हुए और दिवंगत अनुराग यादव को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने तत्काल डीएफओ और वन विभाग के अन्य अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर विभागीय प्रक्रिया के तहत आपदा मद से उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान बागोडीह पंचायत के मुखिया धानेश्वर साव, पंचायत समिति प्रतिनिधि देवानंद पासवान, बुधन साव, बासुदेव यादव, दीपक साव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।