पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।सिमरिया अनुमंडल के सीकरी स्थित कुलवा टोंगरी में लीज खत्म होने के बाद भी जय माता दी स्टोन क्रशर के अवैध संचालन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।सोमवार को स्थानीय लोगों ने मुखिया के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला
ग्रामीणों का आरोप है कि कुलवा टोंगरी में संचालित जय माता दी स्टोन क्रशर की लीज की निर्धारित समय सीमा खत्म हो चुकी है। इसके बावजूद माइंस और क्रशर अवैध रूप से चलाया जा रहा है।
जिला खनन पदाधिकारी ने क्या कहा
जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो ने मामले को लेकर कहा कि जय माता दी स्टोन क्रशर की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है। यदि इसके बावजूद माइंस का संचालन हो रहा है तो यह गलत है।मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। डीएमओ मनोज टोपो ने स्पष्ट किया कि लीज खत्म होने के बाद माइंस से टूटा हुआ पत्थर उठाने के लिए 60 दिनों की परमिशन दी जाती है,लेकिन नया खनन या क्रशर चलाना पूरी तरह अवैध है।
मुखिया ने विरोध प्रदर्शन का किया नेतृत्व
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पुण्डरा पंचायत के मुखिया विनोद महतो कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध संचालन से पर्यावरण को नुकसान और सरकारी राजस्व की हानि हो रही है।