किसानों के मुद्दों को लेकर 20 मई को भाजपा करेगी प्रखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन

किसानों के मुद्दों को लेकर 20 मई को भाजपा करेगी प्रखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन

19 May 2026 |  11

 



    



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



पाकुड़।भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार किसानों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ नगर व ग्रामीण के प्रमुख कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक रेलवे मैदान पाकुड़ में आयोजित की गयी। बैठक में प्रभारी के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह,पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू ,जिला महामंत्री रूपेश भगत,जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय,पूर्व जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय प्रमुख रूप से मौजूद थे। 



बैठक में तय किया गया कि किसानों के मुद्दे पर 20 मई को भाजपा पाकुड़ नगर और ग्रामीण मंडलों के कार्यकर्ता पाकुड़ प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना देंगे।भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस धरने के माध्यम से भाजपा हेमंत सोरेन सरकार द्वारा किसानों से की गई वादा खिलाफी समेत उनसे जुड़े दूसरे मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। 



भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुग्रहित प्रसाद साह ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने चुनाव के पूर्व किसानों को लेकर कई बड़े-बड़े वादे किए थे,उन वादों को पूरा करने में हेमंत सरकार नाकाम साबित हुई।झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने अलग-अलग घोषणा पत्र में किसानों को 3200 रुपए प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य देने,वन उत्पादों के एमएसपी में 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने,कृषि कार्य के लिए फ्री बिजली देने, किफायती दर पर खाद बीज उपलब्ध कराने‌ कृषि उपकरण देने सहित कई वादों किए थे,लेकिन सरकार बनते ही यह उन्हें भूल गई।



राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए अनुग्रहित प्रसाद ने कहा कि किफायती दर पर खाद देने की बात तो दूर उल्टे कालाबाजारी हो रही है। 266 वाली यूरिया की बोरी 550 से 800 रुपए के बीच बेची जा रही है।भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूधन मुर्मू ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री कृषि आर्शीवाद योजना हेमंत सरकार ने बंद कर दिया।साथ ही पीएम फसल बीमा योजना में भी अवरोध पैदा किया है।वर्तमान हेमंत सरकार पूरी तरह किसान और गरीब विरोधी है। इस आंदोलन के माध्यम से सरकार का चेहरा पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा। 



बैठक में शर्मिला रजक, मंडल अध्यक्ष सुरेश मंडल, सोहन मंडल,सुशांत घोष, सुरेश मंडल, त्रिलोचन दास सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


ट्रेंडिंग