उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर से एफएमडी मुक्त रामगढ़ अभियान के तहत वैक्सीनेशन वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर से एफएमडी मुक्त रामगढ़ अभियान के तहत वैक्सीनेशन वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

03 Jul 2026 |  29

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



​रामगढ़।भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित एफएमडी (फुट एंड माउथ डिजीज) मुक्त रामगढ़ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर से वैक्सीनेशन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पशुपालन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



इस दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि मुंहपका-खुरपका पशुओं में फैलने वाला अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे पशुधन एवं दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उपायुक्त ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए अपने सभी गाय एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।



उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि एफएमडी टीकाकरण से पशुओं को गंभीर संक्रामक रोगों से सुरक्षा मिलेगी,दुग्ध उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी तथा पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने में सहायता मिलेगी। उपायुक्त ने पशुपालकों से अभियान को सफल बनाने के लिए टीकाकरण दल का सहयोग करने एवं सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कराने का आग्रह किया।



 प्रखंडवार निर्धारित लक्ष्य



इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में कुल 1,29,300 लक्षित आबादी (पशुधन) के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है,जिसका विवरण इस प्रकार है।​पतरातू 27,950,​मांडू 33,700,​रामगढ़ 16,400,​दुलमी 13,800,​गोला 31,150,​चितरपुर 6,300,​कुल लक्ष्य 1,29,300



ज्ञात हो कि 1 जुलाई से 29 अगस्त तक जिले में एफएमडी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रशिक्षित टीकाकरण दल गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं का पूर्णतः निःशुल्क टीकाकरण करेंगे। ​टीकाकरण से पूर्व प्रत्येक पशु के कान में भारत सरकार द्वारा निर्धारित यूआईडी टैग लगाया जाएगा और भारत पशुधन ऐप में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए पशुपालकों के मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी को टीकाकरण दल के साथ साझा करना आवश्यक होगा।



जिला पशुपालन विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले को मुंहपका-खुरपका रोग से मुक्त बनाकर सुरक्षित एवं समृद्ध पशुधन का निर्माण करना है।


ट्रेंडिंग