सेवा भारती की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित,भावी योजनाओं पर बनी रूपरेखा,सिलाई प्रशिक्षण की छात्राओं को बांटे गए प्रमाण पत्र

सेवा भारती की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित,भावी योजनाओं पर बनी रूपरेखा,सिलाई प्रशिक्षण की छात्राओं को बांटे गए प्रमाण पत्र

06 Jul 2026 |  8

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता 



रांची।सेवा भारती झारखंड के आयाम प्रमुखों की बैठक संस्था के न्यासी गुरुशरण प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के विभिन्न सामाजिक और सेवा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।साथ ही आगामी योजनाओं का खाका तैयार किया गया।



बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने नर सेवा को नारायण सेवा का मूल मंत्र दिया।प्रसाद ने कहा कि मानव सेवा ही वास्तव में ईश्वर की सच्ची आराधना है। संगठन का परम लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना होना चाहिए। 



न्यासी चंद्रकांत रायपत ने भी आयाम प्रमुखों का मार्गदर्शन किया और जमीनी स्तर पर सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी व परिणामकारक बनाने पर जोर दिया। प्रांतीय सचिव ऋषि पाण्डेय ने बैठक का कुशल संचालन करते हुए सभी आयामों की प्रगति की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। 



बैठक में सेवा भारती के सभी प्रमुख आयामों के प्रदेश प्रमुख उपस्थित रहे,जिन्होंने निम्नलिखित क्षेत्रों में तेजी से कार्य करने का संकल्प लिया:शिक्षा एवं स्वास्थ्य: वंचित और पिछड़े वर्ग के बच्चों की शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। स्वावलंबन एवं कौशल विकास: युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार होगा।वैभवश्री व सुपोषण: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और समाज को कुपोषण मुक्त बनाने के प्रयास तेज होंगे। किशोरी विकास व सामाजिक संस्कार: किशोरियों के सर्वांगीण विकास के साथ समाज में नैतिक मूल्यों का सिंचन किया जाएगा।आपदा प्रबंधन व प्रचार: आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारी और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति बनी।इसके साथ ही सेवा भारती की ओर से आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की सफल छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आगामी वार्षिकोत्सव की तैयारियों को लेकर एक विशेष कार्य समिति का गठन भी किया गया। 



इस सत्र की अध्यक्षता उमाशंकर शर्मा ने की। कार्यक्रम के दौरान सचिव विनय लाल समेत सभी शिक्षिकाएं और निरीक्षक मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक का समापन राष्ट्र की उन्नति और सेवा कार्यों को नई गति देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


ट्रेंडिंग