कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश बैठा पर टूटा दुखों का पहाड़,नामांकन करने के बाद मां का किया अंतिम संस्कार

कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश बैठा पर टूटा दुखों का पहाड़,नामांकन करने के बाद मां का किया अंतिम संस्कार

26 Oct 2024 |  27

 

रांची।झारखंड में विधानसभा चुनाव का नामांकन चल रहा है। प्रत्याशी ताबड़तोड़ नामांकन कर रहे हैं।25 अक्टूबर को झारखंड के 43 विधानसभा सीटों पर नामांकन का अंतिम दिन था।ऐसे में प्रत्याशी समय से पहले अपने नामांकन प्रक्रिया को पूरी करना चाह रहे थे।गाजे बाजे के साथ,जयकारों के बीच नामांकन का दौर चल रहा था।इसी बीच कांके विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश बैठा आंखों में आंसू लिए नामांकन करने पहुंचे।

 

बता दें कि नामांकन से पहले कांके विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश बैठा की 89 वर्षीय मां दशमी देवी का निधन हो गया था।एक तरफ घर में मां का पार्थिव शरीर रखा था,दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और दूसरी तरफ नामांकन का आखिरी दिन था।अंत में कांके की जनता की सेवा को प्रथम मानते हुए सुरेश बैठा ने अपने समर्थकों के साथ रांची के कचहरी स्थित समाहरणालय पहुंच कर आंखों में आंसू लिए, भारी मन से अपना नामांकन किया।सुरेश बैठा के नामांकन के दौरान खिजरी विधानसभा के निवर्तमान विधायक राजेश कच्छप, कांग्रेस नेत्री यशस्विनी सहाय समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए सुरेश बैठा ने कहा कि 25 वर्षों से बिना विधायक बने क्षेत्र की जनता की सेवा कर रहा हूं।आज इस दुख की घड़ी में भी मुझे फर्ज निभाना था। सुरेश बैठा ने कहा कि पार्टी ने मुझे उम्मीदवार बनाया है और आज नामांकन का अंतिम दिन था इसलिए पर्चा दाखिल किया।सुरेश बैठा ने कहा कि यहां के बाद मुझे एक कर्ज भी निभाना है,दुख बहुत है पर क्या करूं।ऐसी परिस्थितियों में खुद को भी संभालना पड़ता है।

 

बता दें की महज 24 घंटे पहले जिस घर में खुशियां मनाई जा रही थीं।सुरेश बैठा को कांके विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने पर उनके घर में होली दिवाली का माहौल था। उसी घर में नामांकन के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को मातम पसर गया।एक तरफ घर में मां दशमी देवी का पार्थिव शरीर रखा था तो दूसरी तरफ बेटे सुरेश बैठा पर पार्टी और कांके विधानसभा क्षेत्र की जनता की जिम्मेदारियों का बोझ।सुरेश बैठा ने पहले नामांकन किया और उसके बाद वो सीधे श्मशान घाट पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां का अंतिम संस्कार किया।इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता के साथ-साथ कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे।

ट्रेंडिंग