नहीं रहे भद्रकाली कॉलेज के संस्थापक सचिव कुमार यशवंत नारायण सिंह,गुरुवार को मुहाने शमशान घाट पर होगा अंतिम संस्कार
निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर,शिक्षा को समर्पित था उनका संपूर्ण जीवन
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,इटखोरी(चतरा)।प्रखंड के ही नहीं बल्कि जिले के जानेमाने शिक्षाविद समाजसेवी भद्रकाली महाविद्यालय के संस्थापक कुमार यशवंत नारायण सिंह का बुधवार को दोपहर1: 25 बजे निधन हो गया।वे लगभग सौ वर्ष के थे। कुमार यशवंत नारायण सिंह के निधन पर जिले के शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
दिवंगत कुमार यशवंत नारायण सिंह का संपूर्ण जीवन शिक्षा के उत्थान समाज सेवा के संकल्प और धर्म को समर्पित रहा। क्षेत्र में शिक्षा का अलख जगाने वाले व्यक्तित्व के रूप में उनकी अपनी एक विशिष्ट पहचान थी।उन्होंने कई शिक्षक संस्थाओं के स्थापना और उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।उनका संपूर्ण व्यक्तित्व ही शिक्षा का एक कल्पतरु था,जिसकी छत्रछाया में बैठकर असंख्य छात्र-छात्राओं ने अपने जीवन को शिक्षा के प्रकाश से प्रकाशित किया। समाज सेवा के क्षेत्र में एवं धार्मिक गतिविधियों के क्षेत्र में उनकी एक अलौकिक छवि थी और उनके व्यक्तित्व में अभुतपुर्व आकर्षण था
इटखोरी अवस्थित ऐतिहासिक मां भद्रकाली की मूर्ति को जब चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी,उस समय भी कुमार यशवंत नारायण सिंह के अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप ही कोलकाता के नौलखा सेठ के यहां से मूर्ति बरामद की गई थी। इनका व्यक्तित्व ही इनकी पहचान थी।
प्रतिभा के धनी कुमार यशवंत नारायण सिंह की समाज सेवा के क्षेत्र में अतुल्य छवि थी।अपने संपूर्ण जीवन को शिक्षा के प्रति समर्पित कर दिया था। उनके शिक्षा के प्रति समर्पण का ही परिणाम है की शिक्षा के कई संस्थान इस क्षेत्र में शिक्षा का अलख जगा रहे हैं।आज गुरुवार सुबह मुहाने शमशान घाट पर दिवंगत कुमार यशवंत नारायण सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बता दें कि दिवंगत कुमार यशवंत नारायण सिंह इधर कुछ माह से अस्वस्थ चल रहे थे।बुधवार दोपहर अपने इटखोरी अवस्थित आवास में दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर अंतिम सांस ली। कुमार यशवंत नारायण सिंह सिंह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।कुमार यशवंत नारायण सिंह के निधन पर भद्रकाली महाविद्यालय और भद्रकाली इंटर महाविद्यालय के प्राचार्य समेत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।