प्रयागराज।छिवकी रेलवे स्टेशन को पहली और संगम नगरी को पांचवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का तोहफ़ा मिला।बनारस स्टेशन से खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।वंदे भारत एक्सप्रेस विंध्याचल स्टेशन होते हुए शनिवार सुबह 11:26 बजे छिवकी रेलवे स्टेशन पहुंची तो बाजे गाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया।भगवा रंग की आठ कोच की वंदे भारत फूलों से सजी यहां पहुंची।स्टेशन पर मेयर गणेश चंद्र केसरवानी,विधायक दीपक पटेल और गुरु प्रसाद मौर्या ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
छिवकी में वंदे भारत का पांच मिनट तक ठहराव रहा।इस दौरान वंदे भारत की महिला लोको पायलट और अन्य स्टाफ का माल्यार्पण कर स्वागत हुआ। यात्रियों से भरी हुई वंदे भारत 5 मिनट के ठहराव के बाद रवाना हो गई। रेलवे बोर्ड जल्द ही इसके नियमित संचालन का शेड्यूल जारी करेगा।
इस अवसर पर प्रयागराज मंडल एडीआरएम दीपक कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके सशक्त आधारभूत ढांचे और कुशल परिवहन प्रणाली पर निर्भर करती है। उत्तर प्रदेश में परिवहन साधनों के तीव्र विकास का सीधा प्रभाव प्रदेश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर दिखाई दे रहा है।
दीपक कुमार ने कहा कि भारतीय रेल इस विकास यात्रा की सच्ची जीवनरेखा है और उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल इस दिशा में लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल नई दिल्ली से हावड़ा के मध्य 750 किलोमीटर लंबे गाजियाबाद–पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सेक्शन तक फैला हुआ है, जो भारतीय रेल का सबसे लंबा ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सेक्शन है, जहां उच्चतम संरक्षा मानकों के साथ परिचालन किया जा रहा है।
दीपक कुमार कहा कि मंडल में प्रतिदिन 157 ट्रेनें अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से संचालित की जा रही हैं, जिनमें वंदे भारत और राजधानी जैसी प्रीमियम सेवाएं शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 49 स्टेशनों पर 430 नई स्टील बेंचें लगाई जा चुकी हैं तथा 113 कुशनयुक्त बेंचों की स्थापना जारी है।
इस अवसर पर मेयर गणेश केसरवानी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे की तस्वीर बदल गई। विधायक दीपक पटेल ने कहा कि 2014 के पहले लोग छिवकी स्टेशन आने पर कतराते थे,लेकिन अब यहां एक भव्य स्टेशन बन चुका है। स्टेशनों पर यात्रियों को लगाकर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने भी रेलवे की बदलती तस्वीर को लेकर पीएम मोदी का आभार जताया।
बता दें कि प्रयागराज मंडल में क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार देने के लिए कई महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाएं जारी हैं। 1423.96 करोड़ की लागत से चुनार–वोपन खंड का दोहरीकरण कार्य जारी है (लक्षित समापन 2027-28)। 2390 करोड़ की लागत से प्रयागराज–पं. दीनदयाल उपाध्याय तीसरी रेल लाइन का कार्य प्रगति पर है (लक्षित समापन 2026-27)। 1640 करोड़ की लागत से इरादतगंज–मानिकपुर तीसरी लाइन परियोजना पर कार्य जारी है (लक्षित समापन 2028-29)। इन परियोजनाओं के अंतर्गत प्रयागराज मंडल के 12 स्टेशनों पर नए एफओबी भी बनाए जा रहे हैं। इन सबके माध्यम से मंडल आधुनिक रेल सुविधाओं से युक्त एक सशक्त यातायात नेटवर्क की दिशा में आगे बढ़ रहा है।