राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस पर ई-हर्बेरियम विषयक कार्यशाला का आयोजन
स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास,चरित्र-निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया:सचिव प्रियंका कुमारी
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,रामगढ़।राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा पौधों के ई-हर्बेरियम विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के माध्यम से पौधों के संरक्षण,पहचान और अभिलेखन की आधुनिक विधियों से अवगत कराना था।कार्यशाला का प्रस्तुतीकरण और संचालन विभागाध्यक्ष डॉक्टर पूजा कुमारी जायसवाल द्वारा किया गया।
विभागाध्यक्ष डॉक्टर पूजा कुमारी ने अपने संबोधन में ई-हर्बेरियम की अवधारणा,उसकी उपयोगिता और जैव विविधता संरक्षण में इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ई-हर्बेरियम डिजिटल युग में पारंपरिक हर्बेरियम का आधुनिक और प्रभावी स्वरूप है,जो शोध, अध्ययन और शिक्षण कार्य को अधिक सरल एवं सुलभ बनाता है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को पौधों के नमूनों की डिजिटल फोटोग्राफी, डेटा संग्रहण, वर्गीकरण तथा ऑनलाइन अभिलेखन की व्यावहारिक जानकारी दी गई।इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और उन्होंने विषय में विशेष रुचि दिखाई।
विश्वविद्यालय कुलाधिपति बीएन साह ने राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाने तथा युवाओं को विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र-निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया।
मौके पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर रश्मि, कुलसचिव प्रोफेसर डॉक्टर निर्मल कुमार मंडल,वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉक्टर संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर डॉक्टर अशोक कुमार,प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभाग के अन्य व्याख्यातागण और छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।