धनबाद में जिला युवा कांग्रेस की प्रथम कार्यकारिणी बैठक संपन्न,मनरेगा बचाओ संग्राम को मिलेगी मजबूती

धनबाद में जिला युवा कांग्रेस की प्रथम कार्यकारिणी बैठक संपन्न,मनरेगा बचाओ संग्राम को मिलेगी मजबूती

14 Jan 2026 |  18

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।झारखंड के युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव और प्रदेश प्रभारी नवनीत कौर की उपस्थिति में धनबाद जिला युवा कांग्रेस की पहली कार्यकारिणी बैठक मंगलवार को जिला अध्यक्ष आदित्य आनंद के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने,युवाओं को अधिक संख्या में जोड़ने और मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।



प्रदेश प्रभारी नवनीत कौर ने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की रीढ़ है।धनबाद जिला युवा कांग्रेस की यह पहली कार्यकारिणी बैठक संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी। केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कोर ने कहा कि जनविरोधी नीतियों के कारण युवा,मजदूर और गरीब वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर कर गरीबों से उनका अधिकार छीना जा रहा है, जिसके खिलाफ युवा कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।



झारखंड युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा राज्य एवं देशभर में चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को लेकर बैठक में विशेष रणनीति तैयार की गई है।केंद्र सरकार की नीतियों के चलते ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।



सभी युवा कांग्रेस साथियों को बधाई देते हुए जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि संगठनात्मक मजबूती,वार्ड एवं प्रखंड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, जनसमस्याओं को लेकर आंदोलनात्मक कार्यक्रमों तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।



जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद ने संकल्प लिया कि धनबाद जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर चौपाल,जनसंपर्क अभियान एवं आंदोलन के माध्यम से मनरेगा बचाओ संग्राम को मजबूती दी जाएगी और मजदूरों के हक-अधिकार की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।



बैठक में जिला,प्रखंड और मंडल स्तर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने और लोगों के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने के संकल्प के साथ बैठक का समापन किया गया।


ट्रेंडिंग