वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस 2026:आदित्य मल्होत्रा ने कहा,अंतरराष्ट्रीय पटल पर झारखंड को स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस 2026:आदित्य मल्होत्रा
ने कहा,अंतरराष्ट्रीय पटल पर झारखंड को स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम

19 Jan 2026 |  8

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और महासचिव रोहित अग्रवाल रविवार को स्विट्ज़रलैंड के ज्यूरिख पहुंचे।सोमवार से दावोस में आयोजित होने वाली वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 की बैठक को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।ज्यूरिख पहुंचने पर झारखंड चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से भेंट हुई। सीएम सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे।



चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे विश्वस्तरीय मंच पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करना हमारे लिए अत्यंत गौरव की बात है।मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य निवेश,उद्योग और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।यह सहभागिता झारखंड के समग्र विकास को नई गति देगी। 



चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि झारखंड चैम्बर राज्य सरकार के साथ मिलकर निवेशकों को झारखंड की असीम संभावनाओं से अवगत कराएगा। यह पहल राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करेगी।



जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि दावोस जैसे वैश्विक मंच पर झारखंड चैम्बर की सहभागिता राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह अवसर न केवल झारखंड की औद्योगिक, निवेश एवं व्यापारिक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेगा, बल्कि राज्य को वैश्विक पटल पर सशक्त रूप से स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।झारखंड चैम्बर इस अवसर पर राज्य सरकार,विशेषकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रयासों की सराहना करता है, जिनके मार्गदर्शन में झारखंड को वैश्विक निवेश मानचित्र पर नई पहचान मिल रही है।


ट्रेंडिंग