नलकारी जलाशय का बढ़ा जलस्तर,फाटक खोलने की तैयारी,नदियों-नालों में बढ़ सकता है पानी का बहाव

नलकारी जलाशय का बढ़ा जलस्तर,फाटक खोलने की तैयारी,नदियों-नालों में बढ़ सकता है पानी का बहाव

20 Aug 2026 |  38

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



रामगढ़/पतरातू।पतरातू क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से नलकारी जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।जलाशय में लगातार बढ़ रहे पानी को देखते हुए इसके फाटक को किसी भी समय खोले जाने की संभावना बनी हुई है।फाटक खुलने की स्थिति में आसपास के नदी-नालों और अन्य जलस्रोतों में पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। इसे देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।



लगातार बारिश से जलाशय में पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है।जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए परिस्थितियों के अनुसार फाटक खोलने का निर्णय लिया जा सकता है। पानी छोड़े जाने के बाद इसका प्रभाव आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। प्रशासन पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है।



जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी,नाला,तालाब,डैम और अन्य जलस्रोतों के किनारे जाना जोखिम भरा हो सकता है। तेज बहाव वाले पानी में उतरना या उसके करीब खड़े होकर स्थिति देखने की कोशिश गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। खासकर बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों से दूर रखना जरूरी है।



फाटक खुलने के बाद निचले इलाकों में पानी के बहाव की स्थिति बदल सकती है। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों को किसी भी तरह की लापरवाही से बचने और प्रशासन की ओर से जारी होने वाली सूचनाओं पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर माइकिंग और अन्य माध्यमों से लोगों को सतर्क किया जाएगा।



प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है। बारिश के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी सावधान करने की अपील की गई है।


ट्रेंडिंग