छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पहुंचे दैहर,युवाओं ने किया भव्य स्वागत,नौकरी बेचने के खिलाफ उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पहुंचे दैहर,युवाओं ने किया भव्य स्वागत,नौकरी बेचने के खिलाफ उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

28 Aug 2026 |  20

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



दैहर/चौपारण।बुधवार को चौपारण प्रखंड के बेढ़ना स्थित  दैहर मोड़ पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया।लोगों ने फूल-माला पहनाकर और नारेबाजी कर उनका भव्य स्वागत किया। 



स्वागत के बाद बेढ़ना में शहीद अजीत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र,बेरोजगार युवा और ग्रामीण उपस्थित थे। सभी के हाथों में झारखंड में नौकरी बेचना बंद करो,छात्र एकता जिंदाबाद और झारखंड राज्य जिंदाबाद लिखे बैनर और पोस्टर थे। 



शहीद अजीत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रैली की शक्ल में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए दैहर स्थित ऐतिहासिक कमला माता मंदिर पहुंचे यहां पहुंच कर उन्होंने कमला माता मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद एक सभा को संबोधित किया।



दैहर के ऐतिहासिक कमला माता मंदिर में उपस्थित ग्रामीणों और छात्रों को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि आज झारखंड में मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।नौकरियां बेची और खरीदी जा रही हैं, पेपर लीक हो रहे हैं,और योग्य छात्र दर-दर भटक रहे हैं।राज्य सरकार योग्यता का मापदंड पैसा निर्धारित कर रखी है और पैसों का लेनदेन कर नौकरियों को बेचने का धंधा खोल रखी है।कहा,यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं है,यह पूरे झारखंड के छात्र और युवाओं के हक की लड़ाई है। 



छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि अगर हम आज एकजुट नहीं हुए,तो आने वाली पीढ़ी हमें कभी माफ नहीं करेगी।सरकारी तंत्र राज्य की प्रतिभाओं के साथ लगातार भेदभाव की नीति अपनाते हुए नौकरियों की खरीद बिक्री में मशगूल रहेगा। राज्य की प्रतिभाओं के साथ लगातार प्रशासनिक स्तर पर उत्पीड़ित किया जाता रहेगा। झारखंड राज्य के निर्माण के जो सपने थे वह सारे सपने टूटते रहेंगे। 



देवेंद्र नाथ महतो ने स्थानीय कमला माता मंदिर में उपस्थित लोगों से अपील की कि वे जाति-धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होकर इस भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएं। झारखंड सरकार द्वारा झारखंड की प्रतिभाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। पैसे लेकर सरकार के द्वारा नियुक्ति पत्र मंच पर बुलाकर प्रदान करना सवालों के घेरे में है।उन्होंने कहा कि छात्र संघ लगातार इस मुद्दे को उठा रहा है, लेकिन सरकार इस पर कोई लगाम नहीं लगा रही है। 



देवेंद्र नाथ महतो ने झारखंड सरकार को आड़े हाथों लेते हुए चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं लाती और नौकरी की खरीद-बिक्री पर रोक नहीं लगाती है, तो पूरे झारखंड में छात्र संघ द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। बता दें कि मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने एकजुट होकर हेमंत सोरेन सरकार में व्याप्त नियुक्तियों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया। 



इस मौके पर दैहर पंचायत के दर्जनों युवा,देव कुमार दांगी, सुरेश दांगी,प्रवीण कुमार दांगी उमेश कुमार,कृष्णा कुमार कुशवाहा,अमित कुमार कुशवाहा,विवेक कुमार,पिंटू कुमार दांगी,मनोज दांगी,शंभू कुमार दांगी समेत अनेक छात्र और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग