रक्षाबंधन को लेकर बाजार में लौटी रौनक,राखी-मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर उमड़ी भीड़

रक्षाबंधन को लेकर बाजार में लौटी रौनक,राखी-मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर उमड़ी भीड़

28 Aug 2026 |  27

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



साहिबगंज।भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन को लेकर प्रखंड मुख्यालय के बाजारों में इन दिनों जबरदस्त उत्साह और चहल-पहल देखने को मिल रही है।त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है,बाजारों की रौनक बढ़ती जा रही है।राखी,मिठाई,कपड़ा,गिफ्ट और पूजा सामग्री की दुकानों पर सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है।



बहनें अपने भाइयों की कलाई सजाने के लिए सबसे सुंदर राखी तलाश रही हैं,तो भाई भी अपनी बहनों को देने के लिए खास तोहफा ढूंढने में लगे हैं।पूरे बाजार में त्योहार का माहौल है।राखी की दुकानों पर इस बार वैरायटी की भरमार है। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद को देखते हुए हर रेंज और डिजाइन की राखियां सजाकर रखी हैं।



बच्चों के लिए छोटा भीम,स्पाइडरमैन,मोटू-पतलू जैसे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।युवाओं के लिए स्टोन,ब्रासलेट और लाइट वाली फैंसी राखियां खूब बिक रही हैं,वहीं परंपरा पसंद करने वालों के लिए रुद्राक्ष, मोती,चंदन और कुंदन वाली राखियां पहली पसंद बनी हुई हैं। 10 रुपये से लेकर 300 रुपये तक की राखियां बाजार में उपलब्ध हैं, ताकि हर वर्ग के लोग खरीदारी कर सकें।



 राखी के साथ-साथ मिठाई दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है।भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते पर मुंह मीठा कराना परंपरा है।दुकानों पर काजू बर्फी,रसगुल्ला,गुलाब जामुन,लड्डू,पेड़ा और रसकदम की मांग सबसे ज्यादा है। दुकानदारों ने त्योहार को देखते हुए पहले से ही स्टॉक तैयार कर लिया है और कई दुकानों पर स्पेशल पैकिंग में गिफ्ट बॉक्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।



रक्षाबंधन की चहल-पहल का असर सिर्फ राखी तक सीमित नहीं है।कपड़ा,कॉस्मेटिक और गिफ्ट कॉर्नर की दुकानों पर भी महिलाओं और युवतियों की भीड़ उमड़ रही है।कई बहनें अपने भाई के लिए शर्ट,पैंट और कुर्ता खरीद रही हैं,तो भाई भी बहनों के लिए साड़ी,सूट और ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया है।



दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत तक की तेजी आई है।रक्षाबंधन के कारण स्थानीय कारोबार को बड़ा सहारा मिला है और व्यापारियों के चेहरे पर खुशी साफ दिख रही है।



कुल मिलाकर कहा जाए तो प्रखंड मुख्यालय का बाजार पूरी तरह रक्षाबंधन के रंग में रंगा हुआ है।राखियों से सजी दुकानें, मिठाइयों की महक और खरीदारी करने उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि इस बार का रक्षाबंधन बाजार के लिए भी बेहद शुभ रहने वाला है।


ट्रेंडिंग