पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
रजरप्पा।सीसीएल रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।विद्यालय के सीनियर और जूनियर विंग में विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा गया।
सीनियर विंग में राखी निर्माण और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई।विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक और रंग-बिरंगी राखियां तैयार कीं और सुंदर मेहंदी डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जूनियर विंग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक रक्षाबंधन मनाया।बच्चों ने एक दूसरे की कलाई पर राखी बांधी और परस्पर प्रेम,सहयोग,सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।शिक्षकों ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन का महत्व और भाई- बहन के पवित्र रिश्ते में निहित प्रेम, स्नेह एवं जिम्मेदारी के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर आरके साहू ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं,बल्कि प्रेम,विश्वास, सम्मान,जिम्मेदारी एवं परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने का अवसर है।आरके साहू ने विद्यार्थियों को पर्व के वास्तविक संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा दूसरों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगी बनने के लिए प्रेरित किया।
आरके साहू ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों से पूरा परिसर उत्सवमय हो गया।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना,रचनात्मकता,आपसी प्रेम एवं भाईचारे की भावना को मजबूत किया और रक्षाबंधन का पर्व सभी के लिए यादगार बन गया।