भारत बन जाएगा महाबली, कारोबार का बदल देगा नक्‍शा, पाकिस्तान को कहीं का नहीं छोड़ेगा बांग्लादेश

भारत बन जाएगा महाबली, कारोबार का बदल देगा नक्‍शा, पाकिस्तान को कहीं का नहीं छोड़ेगा बांग्लादेश

21 Nov 2026 |  31

 



धनंजय सिंह।अगले एक दशक में दक्षिण एशिया के ग्‍लोबल ट्रेड का नक्शा पूरी तरह से बदलने वाला है।इस ग्रोथ का भारत सबसे बड़ा इंजन बनकर उभरेगा। 2025 से 2035 के बीच दक्षिण एशिया के अतिरिक्त कंटेनर एक्सपोर्ट में 90 फीसदी से ज्यादा योगदान अकेले भारत का होगा।इस दौरान भारत का निर्यात 5.4 फीसदी की सालाना दर से बढ़ेगा। इसमें कृषि उत्पादों और कपड़ा उद्योग की सबसे अहम भूमिका होगी। दूसरी ओर पड़ोसी देशों की बात करें तो रेडीमेड गारमेंट्स के दम पर बांग्लादेश टेक्सटाइल एक्सपोर्ट ग्रोथ में पाकिस्तान को तीन गुना से भी ज्‍यादा अंतर से पीछे छोड़ देगा। इसका सीधा फायदा कोलंबो जैसे ट्रांसशिपमेंट हब को मिलेगा।



ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स की नई रिपोर्ट का शीर्षक ट्रेडिशनल इंडस्ट्रीज पावर साउथ एशियाज कंटेनराइज्ड ट्रेड है। 2025 से 2035 के बीच दक्षिण एशिया का कंटेनर एक्‍सपोर्ट 1.1 करोड़ टीईयू (20-फुट इक्विवेलेंट यूनिट्स) से बढ़कर 1.8 करोड़ टीईयू तक पहुंच जाएगा।इस पूरी बढ़ोतरी में अकेले भारत की हिस्सेदारी 90 फीसदी से ज्‍यादा यानी करीब 63 लाख अतिरिक्त कंटेनरों की होगी। भारत का कंटेनर एक्‍सपोर्ट 5.4 फीसदी की सालाना दर से बढ़ेगा। यह दक्षिण एशिया की कुल 4.9 फीसदी की औसत ग्रोथ रेट से भी तेज है।इसके उलट बांग्लादेश की सालाना ग्रोथ 3.9 फीसदी रहने का अनुमान है। वहीं श्रीलंका और पाकिस्तान की एक्‍सपोर्ट ग्रोथ 2 फीसदी से भी नीचे सिमट कर रह जाएगी।



भारत की इस जोरदार एक्सपोर्ट ग्रोथ की कमान हाई-टेक सेक्टर के बजाय पारंपरिक उद्योगों के हाथों में रहेगी।भारत के अतिरिक्त कंटेनर एक्‍सपोर्ट में कृषि कच्चे माल का योगदान सबसे ज्‍यादा करीब 11 लाख टीईयू रहेगा।इसके बाद 9.1 लाख टीईयू के साथ टेक्सटाइल, परिधान और फुटवियर का स्थान होगा। इसके अलावा बेस मेटल, केमिकल, प्लास्टिक और रबर इंडस्‍ट्री भी बड़ी भूमिका निभाएंगे।वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल उपकरणों से सिर्फ 2.5 लाख टीईयू (कुल ग्रोथ का लगभग 4%) ही जुड़ेंगे। कारण है कि सेमीकंडक्टर जैसे हल्के और कीमती उत्पाद आमतौर पर हवाई मार्ग से भेजे जाते हैं। 2035 तक भारत से अमेरिका जाने वाले कंटेनरों में 6 लाख टीईयू का इजाफा होगा। साथ ही चीन और वियतनाम को होने वाले एक्‍सपोर्ट में भी बड़ा उछाल आएगा।



दक्षिण एशिया के अन्य देशों के मुकाबले बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच व्यापारिक खाई और गहरी होने जा रही है। 2025 में पाकिस्तान का कुल कंटेनर एक्‍सपोर्ट बांग्लादेश से करीब दोगुना होने के बावजूद अगले दशक में पाकिस्तान की सालाना ग्रोथ सिर्फ 1 फीसदी रहने का अनुमान है।खासतौर से टेक्सटाइल और परिधान निर्यात में बांग्लादेश 2035 तक 2.56 लाख अतिरिक्त टीईयू जोड़ेगा। यह पाकिस्तान (85,333 टीईयू से कम) के मुकाबले तीन गुना से भी ज्‍यादा है।



कम उत्पादन लागत और ग्‍लोबल खरीदारों के साथ मजबूत रिश्तों के दम पर बांग्लादेश तैयार कपड़ों (निटेड और बुने हुए गारमेंट्स) पर फोकस कर रहा है। यह 2035 तक उसके कुल कपड़ा निर्यात का करीब 80 फीसदी हिस्सा होंगे।इसके उलट पाकिस्तान मुख्य रूप से बेड लिनन और तौलिये जैसे होम टेक्सटाइल तक सीमित है। वह ऊर्जा की ऊंची लागत और संरचनात्मक बाधाओं से भी जूझ रहा है।



बांग्लादेश के बढ़ते कपड़ा निर्यात का सीधा फायदा क्षेत्रीय ट्रांसशिपमेंट बंदरगाहों को मिलेगा। अनुमान है कि 2035 तक बांग्लादेश के टेक्सटाइल और परिधान कंटेनरों का करीब 48 फीसदी हिस्सा श्रीलंका के कोलंबो पोर्ट से होकर गुजरेगा। इससे एक प्रमुख शिपिंग हब के तौर पर कोलंबो की स्थिति और मजबूत होगी।इसके अलावा 18 फीसदी कंटेनर सिंगापुर के रास्ते जाएंगे। वहीं, सीधी शिपिंग सर्विसेज की हिस्सेदारी 7 फीसदी से भी कम रहेगी।



दक्षिण एशिया प्रतिशत ग्रोथ के मामले में चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया को भी पीछे छोड़ देगा,लेकिन भारत के लिए इस विशाल निर्यात क्षमता को व्यापक औद्योगिक प्रतिस्पर्धा में बदलने के लिए बंदरगाहों के इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर, आंतरिक परिवहन और लॉजिस्टिक्स कॉस्‍ट में सुधार करना बेहद जरूरी होगा।


ट्रेंडिंग