कोयले की अवैध तस्करी पर पुलिस का शिकंजा,ट्रक जब्त
कोयले की अवैध तस्करी पर पुलिस का शिकंजा,ट्रक जब्त
22 Nov 2026 | 5
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
बालूमाथ,लातेहार।मुख्यालय स्थित एक पुराने पेट्रोल पंप के पास लावारिस खड़े कोयले से लदे ट्रक को सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने जब्त कर लिया।ट्रक में लगभग 40 टन कोयला लदा हुआ है।आशंका जताई जा रही है कि कोयले का अवैध कारोबार और परिवहन किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कमांडेंट केके वानखेम और बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुराने पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक संदिग्ध हालात में खड़ा मिला। जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में कोयला लदा पाया गया। हालांकि मौके पर ट्रक में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।संयुक्त टीम ने ट्रक को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस कोयले की वैधता,परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और वाहन के स्वामित्व की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार जांच में अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर वाहन मालिक एवं इस कारोबार में संलिप्त अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार एवं बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।