पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
इटखोरी (चतरा)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) और ब्लॉक मिशन मैनेजमेंट यूनिट इटखोरी के तत्वावधान में बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं और सामुदायिक कैडरों ने पूरे उत्साह,उमंग और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान सखी मंडल की दीदियों और कैडरों ने स्वेच्छा से 13 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सखी मंडल की महिलाओं द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है।हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक बन सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि सखी मंडल की महिलाएं आजीविका एवं आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सराहनीय भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं की यह पहल समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से इटखोरी एवं मयूरहंड प्रखंड के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार गुप्ता,पंकज कुमार गुप्ता,एफटीसी श्रीमती रेनू देवी,जेएसएलपीएस के सभी सामुदायिक समन्वयक, सामुदायिक कैडर एवं सखी मंडल की महिलाएं उपस्थित रहीं।